Home » ताजा खबरें » छत्तीसगढ़ में हिरासत में लिया गया सैफ अली खान पर हमले का संदिग्ध, आरपीएफ पूछताछ में जुटी

छत्तीसगढ़ में हिरासत में लिया गया सैफ अली खान पर हमले का संदिग्ध, आरपीएफ पूछताछ में जुटी

नेशनल डेस्क :  बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद से पुलिस एक्शन में है। शनिवार को पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी को दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। इस आरोपी को जीआरपी थाने में लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। दरअसल, दुर्ग रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आरोपी को शनिवार को शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में जनरल डिब्बे से पकड़ा। यह ट्रेन मुंबई से दुर्ग आई थी और आरोपी ट्रेन में बैठा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तस्वीर मुंबई पुलिस ने प्रदान की थी और दुर्ग में पकड़े गए शख्स की शक्ल उससे मेल खाती है। यह माना जा रहा है कि यही व्यक्ति सैफ अली खान पर हमले का मुख्य आरोपी है। मुंबई पुलिस की टीम रात के समय आरोपी की शिनाख्त करने के लिए दुर्ग पहुंचेगी। आपको बता दें कि यह घटना 19 जनवरी की सुबह हुई थी, जब एक व्यक्ति ने सैफ अली खान के बांद्रा स्थित फ्लैट में घुसकर उन पर चाकू से कई बार वार किए। हमलावर ने सैफ अली खान के गर्दन और रीढ़ पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सैफ को तुरंत मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई।

सैफ की हालत में सुधार

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सैफ अली खान की हालत अब स्थिर है। उन्हें आईसीयू से बाहर निकाल दिया गया है और उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वह अब चल-फिर सकते हैं और सामान्य भोजन ले रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, तीन से चार दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। सैफ अली खान पर हमला करने के बाद संदिग्ध व्यक्ति दादर में एक मोबाइल फोन की दुकान पर गया और वहां से ‘ईयरफोन’ खरीदा। दुकान पर काम करने वाले हसन ने बताया कि संदिग्ध ने 50 रुपये में एक ईयरफोन खरीदा। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दुकान का सीसीटीवी फुटेज भी लिया है, जिसमें संदिग्ध को देखा गया। सैफ अली खान पर हमले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने 20 टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावर ने हमले से पहले सैफ अली खान के घर की रेकी की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किए हैं, जिसमें हमलावर लकड़ी की छड़ी और हेक्सा ब्लेड लेकर भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अब तक कई संदिग्धों से पूछताछ की है और आरोपी की पहचान के लिए लगातार जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *