
लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम शिमला के रिज पर होगा। यहां पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और ध्वजारोहण करेंगे। इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग के जाइंट सेक्रेटरी पीके टाक की ओर के अधिसूचना जारी कर दी गई है। वहीं, सभी जिलों में होने वाले कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री झंडा फहराएंगे। कुल्लू में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, लाहौल स्पीति में डिप्टी स्पीकर विनय कुमार, ऊना में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, चंबा में कृषि मंत्री चंद्र कुमार, हमीरपुर में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराएंगे। इसके तहत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया जिला कुल्लू में आयोजित होने वाले समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसी तरह विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार जिला लाहौल-स्पीति के केलांग, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी जिला किन्नौर के रिंकागपिओ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर जिला सिरमौर के नाहन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह बिलासपुर, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी सोलन और आयुष मंत्री यादविंदर गोमा कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल मंडी, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार चम्बा और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान हमीरपुर में आयोजित होने वाले समारोह की अध्यक्षता करेंगे।





