Home » Uncategorized » New Year Celebration: नववर्ष के जश्न के लिए हिमाचल-उत्तराखंड तैयार, उमड़े सैलानी…

New Year Celebration: नववर्ष के जश्न के लिए हिमाचल-उत्तराखंड तैयार, उमड़े सैलानी…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल की राजधानी शिमला न्यू ईयर सेलिब्रेशन को पूरी तरह तैयारी है। पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से परेशानी न हो, इसके लिए शोघी से कुफरी तक चप्पे चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। हुड़दंगियों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। रिज व मॉल रोड पर भी न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कुफरी में दो दिन पहले पंजाब के टूरिस्ट द्वारा चाकू से हमले के बाद शिमला पुलिस ने चैकिंग के बाद ही पर्यटकों को शिमला में एंट्री देने का फैसला लिया है। शिमला के साथ लगते शोघी बैरियर पर सभी टूरिस्ट वाहनों को जांच के बाद शिमला भेजा जाएगा। इस दौरान चाकू, तलवार, लाठी, गन इत्यादि के साथ ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस के सामने नए साल पर सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक व पार्किंग की रहती है। पार्किंग नहीं मिलने की वजह से शहर में लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। इसके लिए प्रशासन ने पार्किंग संचालकों के नंबर जारी किए है। इन नंबरों पर फोन करके भी टूरिस्ट पार्किंग में जगह का पता कर सकेंगे। टूरिस्ट को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने से लिए शिमला शहर को 5 सेक्टर में बांटा गया है। शोघी से फागू तक प्रत्येक सेक्टर में एक बड़ा अधिकारी तैनात किया है, ताकि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की चूक न हो और शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।एसपी शिमला ने बताया कि पुलिस लोगों का मित्र बनकर काम करेगी। ट्रैफिक के लिए भी पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए है। उन्होंने बताया कि रिज व माल रोड पर शाम से देर रात तक ज्यादा भीड़ उमड़ती है। ऐसे में यहां अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर वक्त सीसीटीवी कैमरे से भी शरारती तत्व पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि टूरिस्टों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पहाड़ों की रानी शिमला में नए साल के जश्न के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। रिज मैदान पर नए साल के जश्न मनाने के लिए होटल कारोबारियों ने विशेष इंतजाम किए हैं। होटलों में विशेष पार्टियों में नामी कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। पर्यटक डीजे की धुनों पर थिरकेंगे। डाइन एंड डांस के साथ गाला डिनर (ड्रिंक रिसेप्शन, बैठकर डिनर और मनोरंजन शामिल रहता है) का बंदोबस्त होगा। 31 दिसंबर के लिए हिमाचल पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के होटलों में ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी तक पहुंच है। इसके साथ ही शहर से सटे तकरीबन सभी छोटे-बड़ेे होटलों में 80 से 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी (कमरे बुक) है। होटलों में एडवांस बुकिंग जोरों पर चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *