लाइव हिमाचल/मंडी : सोमवार देर रात मंडी शहर के पड्डल क्षेत्र में एक जोरदार धमाका होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अचानक हुए धमाके से सहमे लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग रोते-बिलखते नजर आए और उन्होंने कहा कि धमाके ने सबको हिला कर रख दिया। धमाके के बाद अफवाहें भी तेजी से फैल गईं कि भूस्खलन की चपेट में कोई आ गया है। प्रशासन ने स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाने की कोशिश की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। सूचना मिलने पर मौके पर नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर व स्थानीय पार्षद सोमेश भी मौके पर पहुंचे। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी तरह का जानी नुकसान रिपोर्ट नहीं हुआ है, लेकिन दहशत के माहौल में लोग इधर उधर शिफ्ट हो गए हैं। बता दें कि इसी इलाके रविवार शाम को बजी भूस्खलन हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने एहतियातन कुछ लोगों को शिफ्ट किया था। सोमवार रात को अचानक हुए घटनाक्रम से प्रशासन के भी हाथ पैर फूल गए। एक स्थानीय महिला, जो रोते हुए मौके पर मौजूद थी, ने बताया कि पहाड़ में अचानक जोर का धमाका हुआ, हमें लगा बड़ा हादसा हो गया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का डर अभी भी कम नहीं हुआ है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी को सुरक्षित करने के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। हालांकि कोई बड़ी क्षति नहीं हुई, लेकिन धमाके और पहाड़ी दरकने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




