Home » ताजा खबरें » इग्नू में शुरू हुआ टूरिज्म एवं ट्रैवल मैनेजमैंट में स्नातक डिग्री का कोर्स…..

इग्नू में शुरू हुआ टूरिज्म एवं ट्रैवल मैनेजमैंट में स्नातक डिग्री का कोर्स…..

शिमला : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2025 सत्र से टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमैंट में नया स्नातक डिग्री कोर्स शुरू किया है। इस कोर्स की न्यूनतम अवधि 3 वर्ष व अधिकतम 6 वर्ष होगी। इस कोर्स में प्रवेश के लिए जमा 2 या समकक्ष शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। इग्नू द्वारा टूरिज्म व ट्रैवल मैनेजमैंट में स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स का पहले से संचालन किया जा रहा है, साथ ही टूरिज्म मैनेजमैंट (वोकेशनल स्टडीज) में स्नातक डिग्री कोर्स तथा टूरिज्म स्टडीज में डिप्लोमा व सर्टीफिकेट कोर्सिज का संचालन भी किया जा रहा है। उच्च शिक्षा के इच्छुक छात्र इग्नू द्वारा संचालित इन कोर्सिज में मुक्त शिक्षा पद्धति के माध्यम से प्रवेश लेकर डिग्री/डिप्लोमा प्राप्त कर टूरिज्म एवं ट्रैवल मैनेजमैंट व्यवसाय से जुड़े सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में बेहतर करियर बना सकते हैं। इग्नू में जनवरी 2025 सत्र के लिए विभिन्न मास्टर/बैचलर डिग्री, डिप्लोमा व सर्टीफिकेट कोर्सिज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. जोगेंद्र कुमार यादव ने बताया कि किसी भी कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा जिसके लिए लिंक इग्नू की वैबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्नातक/स्नातकोत्तर डिग्री कोर्सिज में पहले से नामांकित विद्यार्थियों के लिए अगले वर्ष/सैमेस्टर में पुन: पंजीकरण करवाने की प्रक्रिया भी चल रही है जिसकी अंतिम तिथि भी 31 जनवरी निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए इग्नू के किसी भी नजदीकी अध्ययन केंद्र या इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला के दूरभाष पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *