शिमला: हिमाचल प्रदेश से मात्र चार सीटों के चलते मोदी के मंत्रिमंडल में एक ही मंत्री मिल पाया। दिग्गज नेता जेपी नड्डा के मंत्री बनने से दो बार केंद्रीय मंत्री रहे अनुराग ठाकुर को अभी इंतजार करना होगा। माना जा रहा है कि अनुराग ठाकुर को संगठन में बड़ा पद मिल सकता है। छोटा राज्य होने के कारण हिमाचल को ज्यादा प्रतिनिधित्व नही मिला पाया है। गठबंधन की सरकार होना भी एक कारण रहा है क्योंकि अन्य दलों से भी मंत्री बनाना मजबूरी थी। हिमाचल के लिए गौरव की बात यह है कि मोदी सरकार के तीनों कार्यकाल में यहां से एक केंद्रीय मंत्री जरूर रहा है। अनुराग ठाकुर को पिछली मोदी सरकारों में खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री का पद और उससे पहले वित्त राज्य मंत्री का पद मिल चुका है। दोनों ही बार उनकी परफार्मेंस अच्छी रही है। चर्चा यह भी है कि बाद में मंत्रिमंडल विस्तार में अनुराग ठाकुर को अहमियत दी जा सकती है। अनुराग ठाकुर का ऊंचा प्रोफाइल होने के चलते उन्हें बड़ा दायित्व दिया जाना तय माना जा रहा है। पहली बार मंडी से सांसद चुनी गई अभिनेत्री कंगना रणौत को भी संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की योजना अनुराग को हिमाचल की राजनीति में सक्रिय करने की भी हो सकती है। अभी तक अनुराग केंद्र में ही ज्यादा सक्रिय रहे हैं। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते उन्होंने अपनी पहचान बनाई और हमीरपुर से लगातार जीत दर्ज कर भाजपा में मजबूत जगह बनाई है।
ऊना में अंब में बीते दिनों जनसभा के दौरान अमित शाह ने कहा था कि जहां भी चुनावी जनसभाओं में जाता हूं, सभी कहते हैं कि हमारे सांसद को मंत्री बना दो।
शाह बोले थे, हमीरपुर वालो, मोदी ने अनुराग ठाकुर को यहां से बिना मांगे बना बनाया मंत्री दिया है। अनुराग ने भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते मेरे साथ काम किया है और मंत्री होते हुए मोदी के साथ मंत्रिमंडल में काम किया है। अगर दीया लेकर भी खोजने निकलोगे तो अनुराग जैसा सांसद नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा था कि देश में भाजपा को सशक्त करने के लिए युवा शक्ति को जोड़ने का काम अगर किसी ने किया तो वह अनुराग ठाकुर ने किया है। ऐसे में अनुराग समर्थकों को अब भी बड़ा पद मिलने की उम्मीद है।
सुक्खू ने मोदी को पीएम बनने पर दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नरेंद्र मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह भाजपा समेत पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने तीसरी बार भाजपा और एनडीए को अपार जनसमर्थन देने के लिए देशवासियों का भी आभार व्यक्त किया। जयराम ठाकुर ने कहा है कि मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में तीसरा कार्यकाल ऐतिहासिक होगा। जयराम ठाकुर दिल्ली पहुंच कर एनडीए के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी ने पहले ही साफ़ कर दिया है कि तीसरा कार्यकाल बाकी दोनों कार्यकाल से अलग और ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा हुआ होगा। मोदी के हर बड़े फैसले के साथ खड़े हैं। उनके कदम से कदम मिलाकर चलने को तत्पर हैं। मोदी की सरकार सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के साथ काम करेगी और देश के हर वंचित वर्ग के उत्थान के लिए काम करेगी।





