Home » Uncategorized » उल्टी-दस्त और पहुंच गए अस्पताल… हिमाचल के इस गांव में पानी पीने के बाद 300 लोग हुए बीमार

उल्टी-दस्त और पहुंच गए अस्पताल… हिमाचल के इस गांव में पानी पीने के बाद 300 लोग हुए बीमार

हमीरपुर: टौणी देवी क्षेत्र के पांच से अधिक गांव उल्टी दस्त की बीमारी की चपेट में आने के बाद हॉस्पिटल पहुंचने वाले मरीजों का आंकड़ा 300 पार कर चुका है। अस्पताल में भारी संख्या में मरीजों का पहुंचना जारी है। अधिकतर मरीज ग्वारडू, लोआखर, टौनी देवी, चाहड़, टपरे, बारी, महाड़े, घलो, सिसवा, भारी, खंदेहड़ा, लडयोह, झनिककर गांवों से संबंधित हैं । मरीजों का कहना है कि पिछले तीन दिन पहले उन्हें उल्टी दस्त अचानक लग गए। सभी मरीजों ने जल शक्ति विभाग के पेयजल टैंकों पर सवाल उठाए। सोमवार को जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें फील्ड में उतरी रहीं। जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के अलग अलग हिस्सों से पानी के सैंपल भरे हैं। इनमें कुछ सैंपल पुराने जल स्त्रोतों, खातरियो इत्यादि के भी भरे गए हैं। जल शक्ति विभाग के बारी सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता नितिन भारद्वाज के मुताबिक कुल छह सैंपल बारी के टैंकों और मंदिर की खातरी के भरे गए हैं। रिपोर्ट आने पर ही असली स्थिति का पता चलेगा। उधर जल शक्ति विभाग ने अपने सभी पेयजल टैंकों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया है।

स्वास्थ्य विभाग ने गांव में भेजी टीमें

बता दें कि इस क्षेत्र के कई गांव में पानी पीने के बाद यह लोग डायरिया की बीमारी से ग्रसित हो गए। सिविल अस्पताल टौणी देवी में 15 लोगों को भर्ती किया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। अब तक 300 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं। हालांकि कुछ लोग प्राइवेट क्षेत्र में भी उपचार करवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी इसकी रिपोर्ट मिलते ही स्थिति पर कंट्रोल करने के लिए विभाग ने अलग-अलग टीमें बनाकर इन गांवों में भेजी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *