शिमला। हिमाचल प्रदेश में सिंचाई के लिए ‘जल से कृषि को बल योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 10 करोड़ रुपये व्यय होंगे। इसके तहत प्रदेश में अभी तक 5.18 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। वर्ष 2022-23 में 25 करोड़ रुपये से 80.26 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा दी गई। इससे 345 किसान लाभान्वित हुए। राज्य सरकार की जल से कृषि को बल योजना के तहत चेक डैम व तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। इनसे किसान व्यक्तिगत लघु उठाऊ सिंचाई तथा बहाव सिंचाई योजनाएं बनाकर खेतों तक पानी पहुंचाते हैं। योजना के अंतर्गत सामुदायिक लघु जल संचयन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शत-प्रतिशत व्यय सरकार द्वारा वहन किया जाता है। इसके अतिरिक्त प्रवाह सिंचाई योजना से प्रदेश में कूहलों के स्रोतों का नवीकरण तथा सामुदायिक क्षेत्रों में कूहलों के सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में 600 हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल कर 820 किसानों को लाभान्वित किया गया। वर्ष 2023-24 में 8 करोड़ रुपये का बजटीय प्रविधान है। अब तक 4.56 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण के लिए राज्य कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत चारा कटर, गेहूं थ्रेशर, स्प्रेयर, ब्रश कटर व हल इत्यादि उपकरण 40 से 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करवाए जाते हैं। योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 में 10 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने बताया कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 10 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।





