



शिमला : भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों को संगठन से मिले कार्यों की जानकारी देने के साथ लोकसभा चुनाव के लिए बूथस्तर पर काम करने का निर्देश दिया। महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों एवं महामंत्रियों की बैठक रविवार को शिमला में अध्यक्ष वंदना योगी की अध्यक्षता में हुई। भाजपा प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने महिला मोर्चा को बूथ स्तर पर पांच महिला कार्यकर्ता जोड़ने की बात कही।
लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएगा मोर्चा
वंदना योगी ने पदाधिकारियों का परिचय करवाया। उन्होंने कहा कि मोर्चा लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएगा। बैठक में महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष रशिमधर सूद ने कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानना होगा। महिलाओं को नेतृत्व करने की क्षमता को बढ़ाना होगा।
भाजपा ने संगठन में महिलाओं को अधिमान दिया है। भाजपा ने महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाया है व क्षमता पर विश्वास किया है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल भी उपस्थित रहे।
देश में 2004 से 2014 तक हुए घोटाले: बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र में यूपीए का 2004 से 2014 का कार्यकाल निराशाजनक था। उस समय कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, 3जी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, केवल घोटाले ही घोटाले हुए। कांग्रेस के नेतृत्व वाली उस सरकार के दौरान देश में 20 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए। इससे भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब हुई।
देश का शौर्य पूरे विश्व में बढ़ा
महिला मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बिंदल ने कहा कि जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तबसे देश का शौर्य पूरे विश्व में बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाने का कार्य किया, जबकि 2004 से 2014 में पत्थरबाजी के कारण पूरा कश्मीर बर्बाद हो गया था।