Home » Uncategorized » हिमाचल में होगी बॉलीवुड अभिनेता आयुष की चौथी फिल्म की शूटिंग, मंडी का होगा केंद्र

हिमाचल में होगी बॉलीवुड अभिनेता आयुष की चौथी फिल्म की शूटिंग, मंडी का होगा केंद्र

मंडी : बॉलीवुड अभिनेता आयुष शर्मा अपने करियर की चौथी फिल्म हिमाचल प्रदेश में शूट करने जा रहे हैं। तीसरी फिल्म की शूटिंग खत्म कर अपने घर मंडी पहुंचे आयुष शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। आयुष ने बताया कि इस फिल्म की अधिकतर शूटिंग मंडी जिला में की जाए। आयुष ने कहा कि वे हिमाचल में पहली बार फिल्म शूट करने आ रहे हैं, जिसके लिए वे काफी उत्साहित हैं। आयुष ने बताया कि उनकी करियर की तीसरी फिल्म जनवरी माह में रिलीज होगी। जिसके बाद चौथी फिल्म की शूटिंग फरवरी माह से शुरू होगी। यह फिल्म देशभक्ति से ओतप्रोत होगी, जिसमें दर्शकों को लव व एक्शन के साथ कॉमेडी भी देखने को मिलेगी। एक महीने तक उनकी इस फिल्म के अंश हिमाचल के अलग- अलग हिस्सों में फिल्माए जाएंगे।

आयुष ने बताया कि उन्हें अपने करियर की दूसरी फिल्म अंतिम में रोल करने के लिए तीन साल का इंतजार करना पड़ा। इन तीन सालों में उन्होंने अपनी बॉडी को तैयार किया, ताकि इस फिल्म में उन्हें सफलता मिल सके। आयुष शर्मा ने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि जब भी किसी स्थान पर फिल्मों को शूटिंग हुई है, वहां पर पर्यटन को बढावा मिला है।

हिमाचल में भी जिन स्थानों पर पहले शूटिंग हुई हैं आज वहां पर्यटन को नए पंख लगे है। आयुष ने कहा कि आज भारत में लगभग सभी राज्यों की अपनी फिल्म इंडस्ट्री है। आने वाले समय में हिमाचल में भी फिल्म इंडस्ट्री हो, सरकारों का भी इस ओर प्रयास होना चाहिए। हिमाचल में फिल्म इंडस्ट्री होने से यहां पर पर्यटन तो बढ़ेगा ही साथ ही हिमाचल की आर्थिकी की सुदृढ होगी।

वहीं, आयुष ने कहा कि हिमाचल  के दो गाने हैं, जिन्हें वे बॉलीवुड तक पहुंचाना चाहते हैं। पहला पहाड़ी गाना नीरू चली  घुमदी  हिमाचल में बहुत पंसद किया जाता है। इस गाने को हिमाचल से बाहर भी फिल्म इंडस्ट्री के माध्यम से सराहा जाए इसके लिए उनका प्रयास रहेगा। वहीं चुनावों के दौरान प्रचार के लिए उनके पिता ने जो गाना इस्तेमाल किया था उसे भी किसी फिल्म में डालने का उनका प्रयास रहेगा।इस मौके पर आयुष शर्मा के पिता पूर्व मंत्री व सदर विधायक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *