Home » Uncategorized » 72 दिन बाद 150 पर्यटकों को लेकर सोलन पहुंची ट्रेन, फूल व चॉकलेट के साथ हुआ स्वागत…

72 दिन बाद 150 पर्यटकों को लेकर सोलन पहुंची ट्रेन, फूल व चॉकलेट के साथ हुआ स्वागत…

सोलन : विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर सोलन तक बुधवार से रेल सेवा बहाल हो गई है। करीब 72 दिनों बाद कालका से सोलन के बीच रेल सेवा फिर से शुरू हुई है। बुधवार को 35 विदेशी पर्यटकों सहित करीब 100 पर्यटक कालका से ट्रेन में धर्मपुर व सोलन रेलवे स्टेशन पहुंचे। सोलन में इसराईल दंपति सहित करीब 40 पर्यटकों का स्वागत किया गया। कालका से सोलन के बीच रेल सेवा 10 जुलाई से बंद थी। 20 सितम्बर को कालका से पहली ट्रेन सुबह 7.25 बजे सोलन रेलवे स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन में करीब 15 यात्री सोलन जबकि इतने ही यात्री धर्मपुर रेलवे स्टेशन में उतरे। करीब 9 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन फिर कालका के लिए रवाना हुई।

दूसरी ट्रेन कालका से 04516 डीएन स्पैशल करीब साढ़े 12 बजे सोलन के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन में 35 विदेशी पर्यटकों सहित करीब 100 पर्यटक थे। अधिकांश पर्यटक धर्मपुर रेलवे स्टेशन में उतर गए। सोलन पहुंचने पर रेलवे ने पर्यटकों को तिलक लगाने के साथ पुष्पवर्षा भी और उन्हें एक चॉकलेट भी दी गई। यह ट्रेन करीब 3 बजे सोलन रेलवे स्टेशन पहुंची व 5 बजे यहां से कालका के लिए रवाना हो गई। सोलन तक रेल सेवा बहाल होने के बाद उम्मीद बंध गई है कि अक्तूबर माह के प्रथम सप्ताह तक शिमला तक भी रेल सेवा बहाल हो जाएगी। कंडाघाट रेलवे स्टेशन व समरहिल के पास ही ट्रैक बाधित है।

स्टेशन मास्टर दिनेश चंद शर्मा ने बताया कि 9 जुलाई के बाद बुधवार को कालका से सोलन तक पहली ट्रेन सुबह करीब 7 बजकर 25 मिनट पर पहुंची। शिमला व मनाली घूमने आए इसराईल के पर्यटक ने कालका से सोलन के सफर को यादगार बताया। दिल्ली से आए पर्यटकों का कहना था कि कालका से सोलन के बीच में सफर आरामदायक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *