मंडी : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे(Chandigarh-Manali NH) बीती शाम से मंडी जिला में 6 मील के पास बंद है। बीती शाम करीब 5 बजे से बारिश के कारण पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गिरा, जिस कारण हाईवे यातायात के लिए बंद हो गया। बारिश बंद न होने और अंधेरा हो जाने की वजह से हाईवे को बहाल नहीं किया जा सका।
वीरवार सुबह करीब 6 बजे से केएमसी कंपनी के ठेकेदारों की मशीनरी ने मौके पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन मलबा काफी अधिक मात्रा में आने से इसे हटाने में अभी समय लग सकता है। केएमसी कंपनी के सेफ्टी इंजीनियर कमल गौतम ने बताया कि दोपहर तक हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। कुछ बड़ी चट्टानें हाईवे पर आ गिरी हैं, जिन्हें तोड़ने में समय लग रहा है जिस कारण हाईवे को खोलने में देरी हो रही है।





