गुजरात के भावनगर शहर में बुधवार को सात मंजिला इमारत की पहली और दूसरी मंजिल के छज्जे (बालकनी) गिर जाने से एक महिला की दबकर मौत हो गई और कम से कम 17 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। भावननगर निगम आयुक्त एन.वी. उपाध्याय ने बताया कि घटना बुधवार सुबह 11:50 की है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान हंसाबेन जामोद के रूप में हुई है।
अधिकारी के मुताबिक, घटना उस वक्त की है, जब तख्तेश्वर मार्ग पर स्थित माधव हिल कॉम्पलेक्स के भूतल पर हंसाबेन और अन्य लोग खड़े हुए थे कि अचानक पहली और दूसरी मंजिल के छज्जे नीचे गिर पड़े। अधिकारी ने बताया कि इमारत का भूतल, पहली और दूसरी मंजिल एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स थी जबकि बाकी की मंजिलों पर लोग रहते हैं। उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और खोज व बचाव अभियान शुरू कर दिया।
“आज सुबह-सुबह माधव हिल में दो मंजिला बालकनी का स्लैब टूट गया है. सूचना पर हम मौके पर आए हैं. 17 से 18 लोगों को बचाया गया है. जेसीबी, ट्रक, ट्रैक्टर से मलबा हटाया गया है. फिलहाल, इमारत को कोई आंतरिक क्षति नहीं हुई है. आगे जांच करेंगे और तय करेंगे कि निवासियों को यहां रहने की अनुमति दी जाए या नहीं”- एनवी उपाध्याय, आयुक्त, भावनगर नगर पालिका
बैंक ऑफ बड़ौदा में काम करने वाले रोहितभाई ने बताया कि जब वह अपनी बाइक पार्क करने जा रहे थे तो बालकनी का स्लैब अचानक गिर गया, जिससे वह डर गए. उसके सामने ही आठ से नौ लोग दबे हुए थे.





