सोलन: उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला के समस्त बैंक लम्बित ऋण मामलों का निपटारा 31 मार्च तक पूर्ण करना सुनिश्चि बनाए। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला स्तरीय सलाहकार समिति की 182वीं त्रैमासिक बैठक तथा यूको ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की 55वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मनमोहन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोज़गार मिशन के तहत दिसम्बर, 2025 तक विभिन्न बैंकों में पंजीकृत 1180 स्वयं सहायता समूहों को 1730 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूको बैंक ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं के लिए आयु 18 से 45 वर्ष से बढ़ाकर 18 से 50 वर्ष कर दिया गया है। जिससे नगरिकों को नए कौशल प्राप्त करने व उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने के अधिक अवसर प्रदान होगें। मनमोहन शर्मा ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना व स्टैंड अप इंडिया योजना, डॉ. वाई.एस. परमार ऋण योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत ज़िला वासियों को अधिक से अधिक ऋण व जीवन बीमा के अंतर्गत कवर करने के निर्देश भी दिए। मनमोहन शर्मा ने बैंक अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों को बैंकिंग तथा ऑनलाइन बैंकिंग के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार न हो सके। भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक राहुल जोशी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एम.एस.एम.ई.) के तहत मिलने बाले ऋण की सीमा को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दिया गया है जोकि अप्रैल माह से लागू हो जाएगी। उन्होंने बैंकों को समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा इनकी अनुपालना का आग्रह किया। इस बैठक में ज़िला के अग्रणी बैंक यूको बैंक की अग्रणी जिला प्रबंधक तमन्ना मोदगिल द्वारा जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सोलन ज़िला में 31 दिसम्बर, 2025 तक 5459 लाभार्थियों को 198.99 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई। इसमें शिशु श्रेणी के तहत 551 लाभार्थियों को लगभग 5 करोड़ 73 लाख रुपए, किशोर श्रेणी में 3260 व्यक्तियों को लगभग 66 करोड़ 73 लाख रुपए तथा तरूण श्रेणी के तहत 1590 लाभार्थियों को लगभग 110 करोड़ 29 लाख रुपए व तरुण प्लस के लगभग 58 लाभार्थियों को 07 करोड़ 03 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष में 23 विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत 677 पात्र प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा यूको बैंक की ‘वार्षिक ऋण योजना 2026-27ञ व नाबार्ड की ‘संभाव्यतायुक्त ऋण योजना 2026-27ञ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर नाबार्ड के नाबार्ड के ज़िला विकास प्रबंधक अशोक चौहान, उप निदेशक कृषि डॉ. देव राज कश्यप, यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बैंक के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।
Day: March 20, 2026
जिला स्तरीय समिति की बैठक में 251 प्रकरणों को मिली स्वीकृति, उपायुक्त ने की अध्यक्षता
मंडी: उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिककरण योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत कुल 251 प्रकरणों को समिति द्वारा अनुमोदित किया गया, जिससे जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सुदृढ़ बनाने तथा नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित हुई है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला वर्तमान में प्रदेश में इस योजना के क्रियान्वयन में तीसरे स्थान पर है, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सुदृढ़ करें। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं उद्यमी इस योजना से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि नए मामलों को समय पर स्वीकृति मिले, इसके लिए भी निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से जिले के दूर-दराज क्षेत्रों तक योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र, मंडी की महाप्रबंधक नेहा चौहान ने योजना की वर्तमान स्थिति, प्राप्त आवेदनों, उनकी प्रगति तथा बैंक स्तर पर स्वीकृति की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 35 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी (अधिकतम ₹10 लाख) प्रदान की जाती है, जिससे सूक्ष्म उद्यमियों को अपने व्यवसाय के आधुनिकीकरण एवं स्थापना में सहायता मिलती है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) गोपीचंद पाठक, जिला कृषि अधिकारी गोपाल चंद, बागवानी विभाग की एसएमएस प्रिया गौतम, विकास खंड अधिकारी सदर सुरेन्द्र कुमार, लीड बैंक प्रबंधक चंद्र प्रकाश, डीडीएम नाबार्ड राकेश वर्मा तथा स्वयं सहायता समूह की सदस्य दमा देवी, एफपीओ निदेशक मंडल सदस्य निशा देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
विश्व गौरैया दिवस पर क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर की विशेष पहल…
सुंदरनगर: विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के संवर्धन के लिए एक सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर प्रयोगशाला के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर गौरैया के लिए कृत्रिम घोंसले स्थापित किए। यह गतिविधि प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी चमन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें वैज्ञानिक अधिकारी प्रोमिला शर्मा, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी रेनू बाला, बनिता ठाकुर, शबनम ठाकुर, पूजा शर्मा तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत टीम ने सुंदरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों का चयन कर पेड़ों, भवनों एवं सुरक्षित स्थलों पर घोंसले लगाए, ताकि गौरैया को सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सके। साथ ही, पिछले वर्ष लगाए गए घोंसलों का सर्वेक्षण भी किया गया, जिसमें कई घोंसलों के सफल उपयोग की पुष्टि हुई।
इस अवसर पर चमन लाल ठाकुर ने बताया कि शहरीकरण एवं प्रदूषण के कारण गौरैया की संख्या में गिरावट आई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घोंसले व जल-पात्र लगाकर इस पक्षी के संरक्षण में योगदान दें।
नगर निगम सोलन के सभी वार्डों में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण 28 मार्च, 2026 तक
सोलन: नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों की मतदाता सूचियों में नाम सम्मिलित करने, नाम कटवाने व शुद्धिकरण के लिए 28 मार्च, 2026 तक विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम किया जा रहा है। यह जानकारी नगर निगम सोलन के संयुक्त आयुक्त चेतन चौहान ने दी। चेतन चौहान ने कहा कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के लिए अर्हता तिथि प्रथम अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज करने के लिए फार्म नम्बर 04 व नाम कटवाने व शुद्धि के लिए फार्म नम्बर 5 व फार्म नम्बर 6 पर आवेदन कर सकते हैं। संयुक्त आयुक्त ने पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर अपना नाम सम्बन्धित वार्ड की मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए नगर निगम सोलन के कार्यालय में 28 मार्च, 2026 तक आवेदन करना सुनिश्चित बनाएं।
पहाड़ी क्षेत्रों में परियोजनाओं की निर्माण लागत अधिक, हिमाचल पर अन्य राज्यों के मापदंड लागू करना अनुचित: मुख्यमंत्री
शिमला: भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार के मध्य आज नई दिल्ली में जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिमला से वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदेश सरकार की ओर से जल शक्ति विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन और भारत सरकार की ओर से संयुक्त सचिव स्वाति नायक ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। जेजेएम 2.0 को दिसंबर, 2028 तक लागू किया जाएगा। इसके अंतर्गत पुनर्गठित पेयजल से संबंधित अधोसंरचना के पुनर्निर्माण के साथ-साथ ग्रामीण पेयजल आपूर्ति क्षेत्र में संरचनात्मक सुधारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वर्तमान में सभी एकल ग्राम योजनाओं (एसवीएस) को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनमें वह योजनाएं भी शामिल हैं जिन पर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पहले ही अग्रिम व्यय कर चुके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और इसकी तुलना अन्य राज्यों से नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण की लागत तुलनात्मक रूप से काफी अधिक होती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अन्य राज्यों के मापदंडों को हिमाचल प्रदेश पर लागू किया जाना अनुचित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज संस्थानों के माध्यम से जलापूर्ति योजनाओं के प्रबंधन और वितरण को बढ़ावा दे रही है। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से जेजेएम के तहत लंबित 1,227 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि कई योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए उन्नत एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण और आईटी क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया…
. उद्योगपतियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगाः मुख्यमंत्री शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सीआईआई हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला में गुरुवार देर शाम ‘बेहतर कल हेतु भविष्य-उन्मुख हिमाचल प्रदेश का निर्माण: वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता के लिए स्थानीय सामर्थ्य का दोहन’ विषय पर आयोजित वार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने उद्योगपतियों को … Read more
विश्व मौखिक दिवस हुआ आयोजित…
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल सोलन में विश्व मौखिक दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शालिनी पुरी ने की।
डॉ. शालिनी पुरी ने कहा कि हमे अपने शरीर के विभिन्न अंगों को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ रखने के साथ-साथ अपने मुंह यानी दांतांे व मसूड़ो का भी अच्छे से ध्यान रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को रात को सोने से पूर्व व सुबह खाने के बाद सीधे, नरम व छोटेे ब्रिस्ल वाले टूथब्रश का प्रयोग करके दांत साफ करने चाहिए। उन्होंने कहा कि रंगीन टूथपेस्ट की अपेक्षा सफेद टूथपेस्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रश करते समय एक व्यक्ति को टूथपेस्ट की मात्रा मटर के दाने के बराबर लेनी चाहिए व छोटे बच्चे के लिए ब्रश करते समय एक चावल के दाने के बराबर पेस्ट का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने मुंह के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए धूम्रपान, गुटखा, तंबाकू, चॉकलेट, चिप्स एवं अन्य तले हुए खाद्य पदार्थों का उपयोग कम से कम करें तथा खाने के बाद कुर्ला जरूर करें। डॉ. शालिनी पुरी ने कहा कि स्नेक्स में फल, मेवा, काजू व बादाम इत्यादि का प्रयोग करें और जूस की जगह फल को प्राथमिकता दें। इस अवसर पर एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल सोलन की प्रधानाचार्य मासूमा सिंघा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बीसीसी समन्वयक राधा चौहान, एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल के अध्यापक व छात्र उपस्थित थे।
112 पदों के लिए 24 व 25 मार्च को होंगे कैंपस इंटरव्यू…
सोलन: मैसर्ज़ बीटा ड्रग्स लि. बद्दी में ऑफिसर आर.एफ., जूनियर ऑफिसर, सीनियर ऑफिसर व अन्य के 07 पद तथा मैसर्ज़ माइक्रोटेक न्यू टेक्नोलॉजीज प्रा. लि. बद्दी में एग्जीक्यूटिव, वायर कट ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, ऑपरेटर व अप्रेंटिस के 35 पदों पर भर्ती के लिए 24 मार्च, 2026 को उप रोज़गार कार्यालय बद्दी में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
मैसर्ज़ एस.आई.एस. लि. आर.टी.ए. हमीरपुर में सिक्योरटी गार्ड व सिक्योरटी सुपरवाईजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 25 मार्च, 2026 को उप रोज़गार कार्यालय अर्की में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी। जगदीश कुमार ने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आई.टी.आई., फिटर, बी.फार्मा, बी.टेक इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, एम.बी.ए. एच.आर, बी.एस.सी., एम.एस.सी., माइक्रोबायोलॉजी व आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. में प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी रेजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी अनिवार्य प्रमाण पत्रों व दस्तावेज़ों सहित मॉडल कैरियर सेंटर, उप रोज़गार कार्यालय बद्दी नज़दीक गुरुद्वारा संडोली, ज़िला सोलन में 24 मार्च, 2026 तथा उप रोज़गार कार्यालय अर्की में 25 मार्च, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई भी यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 98726-40412, 98169-28706 तथा 78328-91722 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री 22 मार्च को सोलन ज़िला के प्रवास पर…
सोलन: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 22 मार्च, 2026 को सोलन ज़िला के नालागढ़ एवं दून उपमण्डल के प्रवास पर आ रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री 22 मार्च, 2026 को प्रातः 10.00 बजे बद्दी के हनुमान चौक में आयोजित होने वाले ‘राज्य स्तरीय विश्व जल दिवस-2026’ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उप मुख्यमंत्री तदोपरांत दोपहर 02.30 बजे नालागढ़ के पीर स्थान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी परिसर की आधारशिला रखेंगे। मुकेश अग्निहोत्री इसी दिन सांय 03.30 बजे नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मलपुर में ट्यूबवेलों का शिलान्यास करेंगे।
शिमला में नाबालिग चोर गिरोह का भंडाफोड़:सड़क निर्माण कंपनी से डीजल-बैटरी चुराई; 4 आरोपी पुलिस कस्टडी में
शिमला: शिमला पुलिस ने एक नाबालिग चोर गिरोह को पकड़ा है। इस गिरोह ने सड़क निर्माण में लगी मशीनों से डीजल और बैटरियां चोरी कर ली थीं। सड़क निर्माण कंपनी को जैसे ही पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो पिकअप गाड़ियां (HP30-5790 और HP06B-5527) को जब्त कर लिया है। वहीं, तीन नाबालिग आरोपी पकड़े जाने के डर से ढांक में उतर गए थे, जिन्हें पुलिस ने जोखिम उठाते हुए रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में लिया। चौथे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके पर ही शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 11/2026 दिनांक 20.03.2026 के तहत धारा 303(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है। वहीं, जिला पुलिस शिमला ने सभी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा बनी रहे। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर सुन्नी थाने मे केस दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है। जिला पुलिस शिमला ने बताया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।