लोगों की निजता से खिलवाड़ की इजाजत नहीं देंगे…,` डाटा प्राइवेसी पर SC की व्हाट्सएप्प और मेटा को फटकार…

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने व्हाट्सएप और मेटा की डेटा साझा करने की प्रैक्टिस पर गंभीर चिंता व्यक्त की. कोर्ट ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के उस आदेश के खिलाफ सुनवाई की, जिसमें व्हाट्सएप की 2021 की “टेक इट ऑर लीव इट” (मानो या तो छोड़ दो) गोपनीयता नीति के लिए मेटा पर 213.14 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था. मेटा प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप को कड़ी फटकार लगाते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इस बात पर जोर दिया कि व्यावसायिक लाभ के लिए निजता के अधिकार से समझौता नहीं किया जा सकता है. कोर्ट ने कहा कि आपने इस देश के संवैधानिकवाद का मजाक उड़ाया है और उनका आचरण “एक तरह से निजी जानकारी की चोरी करने का एक सभ्य तरीका है.” सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी दी कि भारतीय कानून के तहत निजता के अधिकार का उल्लंघन होने का गंभीर खतरा है, जबकि उपयोगकर्ता डेटा का उपयोग केवल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए करता है. भारत के मुख्य न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने इसकी सुनवाई की. बेंच में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और विपुल एम पंचोली शामिल हैं. मेटा और व्हाट्सएप की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी और वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिबल ने बेंच को सूचित किया कि जुर्माने की राशि जमा कर दी गई है. हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने उनका ध्यान प्लेटफॉर्म की गोपनीयता नीति की ओर दिलाया. व्हाट्सएप और मेटा द्वारा दायर अपीलों के साथ-साथ एनसीएलएटी के फैसले को चुनौती देने वाली सीसीआई की अपील की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा, “हम एक भी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं देंगे. इस देश में निजता के अधिकार के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता.बबेंच ने कहा कि जानकारी साझा करने की प्रथा संवैधानिकता का मजाक है. कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब उपयोगकर्ताओं को “मानो या छोड़ दो” के आधार पर नीति को स्वीकार करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, तो सहमति को वैध कैसे माना जा सकता है. न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने टिप्पणी की कि कंपनियों के खिलाफ जो फैसला सुनाया गया है, वह यह है कि प्राप्त सहमति “मनगढ़ंत सहमति थी. मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जब तक व्हाट्सएप और मेटा यह आश्वासन नहीं देते कि उपयोगकर्ताओं के व्यक्तिगत डेटा का उपयोग नहीं किया जाएगा, तब तक अदालत इस मामले की सुनवाई नहीं करेगी.

रोहतगी ने बताया कि एक संविधान पीठ व्हाट्सएप की गोपनीयता नीति की जांच कर रही है, और उस मामले में यह आश्वासन दिया गया था कि 2021 की गोपनीयता नीति को स्वीकार न करने पर किसी भी उपयोगकर्ता को व्हाट्सएप से प्रतिबंधित नहीं किया जाएगा.पीठ को सूचित किया गया कि डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 के लिए मई 2027 तक का समय दिया गया है. हालांकि, न्यायमूर्ति बागची ने बताया कि यह अधिनियम अभी तक लागू नहीं हुआ है. सुनवाई के दौरान, मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हम आपको किसी के साथ, इस मेटा कंपनी या किसी और के साथ एक भी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं देंगे. आप इस देश के निजता के अधिकार के साथ इस तरह खिलवाड़ नहीं कर सकते, खासकर डेटा बेचने के नाम पर. हम एक बहुत सख्त आदेश जारी कर रहे हैं और यदि इसका पालन नहीं किया गया, तो हम आपको पल भर में अदालत से बाहर निकाल देंगे. यह संदेश आपके व्हाट्सएप पर स्पष्ट रूप से जाना चाहिए. न्यायाधीश के समक्ष यह तर्क दिया गया कि एनसीएलएटी का आदेश भारतीय उपभोक्ताओं को उसी स्थिति में डाल देता है जिस स्थिति में वे अन्य देशों के उपभोक्ताओं के साथ व्यवहार कर रहे हैं,मुख्य न्यायाधीश ने पूछा, लोगों के पास क्या विकल्प है क्योंकि बाजार में आपका पूर्ण एकाधिकार है और आप कहेंगे कि मैं विकल्प दे रहा हूं, यह विकल्प एक समझौते की तरह है, या तो आप व्हाट्सएप सुविधा छोड़ दें या मैं आपका डेटा साझा करूंगा, हम इसकी अनुमति क्यों दें ? सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सभी पक्षों को नोटिस जारी किया है. हलफनामा दाखिल करने के लिए समय दिया है. अगली सुनवाई ⁠9 फरवरी को होगी।

ड्यूटी में लापरवाही, 4 पुलिस जवान निलंबित, एक लाइन हाजिर; एसपी गौरव सिंह ने देर रात कई थानों का किया औचक निरीक्षण…

लाइव हिमाचल/सोलन: ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर एसपी सोलन ने पुलिस कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में चार पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। जबकि एक को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा चार होमगार्ड को वापस बटालियन भेजा गया है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार एसपी ने परवाणु धर्मपुर और सोलन के सदर थाना क्षेत्रों में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी और चार होमगार्ड जवान ड्यूटी में लापरवाही बरतते पाए गए। बताया जा रहा है कि देर रात के समय नाकाबंदी में ढिलाई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं जिस पर एसपी ने देर रात को निरीक्षण किया। निरीक्षण में लापरवाही सामने आने पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल,एक एचएचसी और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। जबकि एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा चार होमगार्ड जवानों को बटालियन वापस भेजते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने की एचपीएसईडीसी के निदेशक मंडल बैठक की अध्यक्षता, आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय को समय पर जारी करने के दिए निर्देश…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निगम के कार्यों, वित्तीय स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय प्रत्येक माह की 7 तारीख तक जारी करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों को अपने दैनिक खर्चों के निर्वहन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समय पर भुगतान व्यवस्था सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने निगम की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में निगम ने 275 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया, जिसमें 15 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित हुआ। इसी प्रकार वित्त वर्ष 2024-25 में निगम का टर्नओवर 300 करोड़ रुपये रहा और 18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में 31 दिसंबर, 2025 तक निगम ने 199.25 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। बैठक में मुख्यमंत्री ने निविदाओं पर लागू तकनीकी शुल्क में संशोधन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ रुपये तक के टेंडरों पर 5 प्रतिशत, 5 करोड़ रुपये से अधिक और 10 करोड़ रुपये तक के टेंडरों पर 3 प्रतिशत तथा 10 करोड़ रुपये से अधिक के टेंडरों पर 2 प्रतिशत तकनीकी शुल्क निर्धारित किया जाए, ताकि प्रक्रिया अधिक व्यवहारिक और संतुलित हो सके। निदेशक मंडल की बैठक में निगम के नाम में परिवर्तन को भी स्वीकृति प्रदान की गई। अब हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम को ‘हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स मैनपावर एवं ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट कॉरपोरेशन’ के नाम से जाना जाएगा, क्योंकि निगम राज्य के युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। वहीं निदेशक मंडल के सदस्य, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव डीडीटीजी आशिष सिंहमर, आयुक्त उद्योग यूनुस, निदेशक डीडीटीजी डॉ. निपुण जिंदल, एचपीएसईडीसी के प्रबंध निदेशक हरबंस ब्रासकोन तथा एचपीएसईडीसी के महाप्रबंधक अनिल सैमवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक संजय अवस्थी ने गांव दाती ब्राहमणा में शिवा परियोजना के तहत पौधरोपण अभियान का किया शुभारंभ

 

गांव दाती ब्राहमणा में शिवा परियोजना के तहत पौधरोपण अभियान का किया शुभारम्भ

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि बागवानी हिमाचल की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और प्रदेश सरकार इस क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर इसके माध्यम से आर्थिकी को अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दावटी के गांव दाती ब्राह्मणा में एच.पी.शिवा परियोजना के तहत आलुबुखारा पौधारोपण अभियान का शुभारम्भ करने के उपरांत जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक पहाड़ी क्षेत्र है और राज्य की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने में बागवानी का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 2.37 लाख हेक्टेयर भूमि पर बागवानी की जा रही है। राज्य में फलों का वार्षिक उत्पादन लगभग 6.48 लाख मीट्रिक टन है। उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र का राज्य की वार्षिक आय में लगभग 05 हजार करोड़ रुपए का योगदान है। प्रदेश सरकार सेब के साथ-साथ अन्य फलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए गम्भीर प्रयास कर रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि कुनिहार विकास खण्ड में शिवा परियोजना के तहत प्रथम चरण में 07 कलस्टर बनाए गए हैं। इनमें दाती, चुनाड, सेर देलग, गियाना, पजीना, जैलंग व दसेरन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन 07 कलस्टरों में प्लम की सांता रोजा, ब्लैक एम्बर, रेड ब्यूट प्रजाति के 5991 पौधे रोपित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दाती कलस्टर में 10 हैक्टेयर भूमि पर ब्लैक एम्बर व रेड ब्यूट प्रजाति के लगभग 06 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिवा परियोजना के तहत नालागढ़ विकास खण्ड में बेलीखोल, बतीयाख, डोली, सौर और पल्ली में 05 कलस्टर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत सिंचाई व्यवस्था की जा रही है, सोलर फेसिंग का प्रावधान है तथा अन्य सुविधाएं भी सृजित की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को कृषि और बागवानी के क्षेत्र में आर्थिकी रूप से और मज़बूत बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और आरम्भिक चरण में प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं, मक्की और हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। इससे जहां प्राकृतिक खेती प्रोत्साहित हो रही है वहीं किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पशुपालकों की आय में बढ़ौतरी के लिए गाय व भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को भी बढ़ाया गया है।
विधायक ने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं को कृषि क्षेत्र से जोड़ा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कृषि बेहतर स्वरोज़गार का माध्यम है और प्राकृतिक कृषि तथा शिवा परियोजना जैसी योजनाएं युवाओं को आर्थिकी रूप से सशक्त बना सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि नई योजनाओं, आधुनिक तकनीक व प्रबंधन तथा प्रशिक्षण को व्यवहारिक रूप से युवाओं तक पहुंचाएं।
संजय अवस्थी ने कहा कि ब्रायली से बुडमोस्टोटी से दाती शिवनगर सम्पर्क मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 09 लाख रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य आरम्भ हो जाएगा। विधायक ने दाती गांव की कुल देवी मंदिर के समीप सुरक्षा दीवार के लिए 02 लाख रुपए तथा दाती में सामुदायिक भवन की मुरम्मत व रखरखाव के लिए 1.50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर प्लम का पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। संजय अवस्थी ने तदोपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत दावटी की पूर्व प्रधान इन्द्रा शर्मा, ग्राम पंचायत दावटी के पूर्व उप प्रधान हीरा सिंह कौंडल, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी, शिवा परियोजना के निदेशक डॉ. रमल अंगारिया, बागवानी विभाग की उप निदेशक शिवाली ठाकुर, ज़िला समन्वयक देवेन्द्र अत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषक, बागवान व स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह उत्तराखंड के कवाणु में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटना मेें तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। यह बस चौपाल से पांवटा साहिब जा रही थी। मुख्यमंत्री ने शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप से दूरभाष के माध्यम से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी हासिल की। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए तथा घायलों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकग्रस्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और अधोसंरचना निर्माण के दिए निर्देश…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होेंने कहा कि अप्रैल से राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में 3,000 करोड़ रुपये व्यय कर विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार नैदानिक सेवाओं को मजबूत कर रही है तथा पैरामेडिकल स्टाफ और चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए ठोस कार्य किए गए हैं, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सके। स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पद भी सृजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला में भी जल्द ही पैट स्कैन और रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी। राज्य के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय टांडा में मरीजों को रोबोटिक सर्जरी सेवाएं मिल रही हैं। राज्य सरकार ‘आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों’ को भी मजबूत कर रही है ताकि मरीजों को उनके घर-द्वार के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 300 डॉक्टरों का प्रशिक्षण और अवकाश रिजर्व कोटा बनाने के निर्देश दिए, ताकि पीजी कोर्स के लिए जाने वाले डॉक्टरों के कारण उत्पन्न रिक्तियों से स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों और इन रिक्तियों को तुरंत भरा जा सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्रों के लिए छोटे बैच बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कक्षा में 60 से अधिक छात्र नहीं होने चाहिए। मेडिकल कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार नए लेक्चर थिएटरों के निर्माण में सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुखता से कार्य कर रही है। सरकार प्रदेश के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़ेे। सरकार एक विस्तृत कार्य योजना अपनाकर काम कर रही है, ताकि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान को बेहतर सुविधाओं, पर्याप्त स्टाफ और उन्नत नैदानिक सेवाओं से सुसज्जित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलने के साथ-साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सभी पहलों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि लोग विस्तृत स्तर पर लाभान्वित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निरंतर चिकित्सा शिक्षा में सुधार और कॉलेजों में पर्याप्त अधोसंरचना सुनिश्चित कर रही है जिससे प्रदेश में कुशल डॉक्टर तैयार होंगे। सरकार के यह कदम स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में निर्णायक साबित हो रहे हैं। इस बैठक में सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, विशेष सचिव अश्विनी कुमार, निदेशक आयुष निपुण जिंदल, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

विश्व को सुख, शांति एवं समृद्धि का रास्ता दिखा रहा है भारतीय चिंतन : डॉ. कृष्ण गोपाल

लाइव हिमाचल/अशोक वर्धन/सोलन: सोलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन कोठों के भाषा संस्कृति सभागार में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह- सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण गोपाल ने संघ की सौ वर्षों की यात्रा के साथ साथ सामाजिक परिवर्तन के पंच प्रणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा भारत सदैव विश्व में प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी रहा। हमारा देश ज्ञान में, विज्ञान में और विश्व के कल्याण में तत्पर एवं सक्रिय रहता था इसलिए सम्पूर्ण विश्व को एक परिवार मान कर व्यवहार करना हिन्दू और हिंदुत्व का चिंतन रहा है। 1800 ई. से पूर्व तक भारत का विश्व में 34% आर्थिक योगदान रहता था। परंतु अंग्रेजी शासनकाल के बाद यह स्थिति निरंतर गिरती गयी। पूर्व काल में शिक्षा के क्षेत्र में भारत निशुल्क शिक्षा प्रदान करता था और कई हस्तलिखित पुस्तकें हमारे पुस्तकालयों में होती थीं। सब तरह से संपन्न होने के बाद भी भारत अगर पराधीन हुआ तो इसका एक बड़ा कारण था हमारे समाज की एकजुटता न होना। बहुत से सामाजिक विषयों पर सामूहिक चिंतन का अभाव था। इसी कमजोरी का लाभ आक्रांताओं में उठाया। संघ के संस्थापक डॉ हेडगेवार जी ने इसी अभाव को समाप्त करने के लिए और हिन्दू समाज को एकजुट करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि जो लोग हिंदुत्व को संकीर्ण मानसिकता से देखते हैं वे पश्चिमी विचार से प्रभावित हैं। हिंदुत्व कोई रिलिजन न होकर एक विशाल परिभाषा है जिसमे सभी को अपने अपने विचार रखते हुए फलने फूलने की स्वतंत्रता है। आज समाज के अंदर सकारात्मक परिवर्तन के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष में पञ्च परिवर्तन पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्व का बोध एवं नागरिक अनुशासन के विषय पर सभी की भूमिका का निवेदन किया । अंत में जिज्ञासा समाधान के सत्र में डॉ कृष्ण गोपाल ने प्रमुख लोगों के राष्ट्र, समाज और संघ के संदर्भ में पूछे गए विभिन्न प्रश्नों नशा निवारण, रोजगार, मतातंतरण चुनौती, के उत्तर भी दिए। हाल ही में यूजीसी कानून के ऊपर छिड़ी बहस पर पूछे गए प्रश्न पर भी संघ का दृष्टिकोण स्पष्ट करते हुए डॉ कृष्ण गोपाल ने कहा कि समाज के किसी भी वर्ग के व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। संघ समाज में सभी को समान भाव से सम्मान देने का पक्षधर है। वहीं इस अवसर पर प्रान्त प्रचारक संजय, वरिष्ठ संघ प्रचारक श्रीनिवास मूर्ति, हरीश, जितेंद्र, प्रान्त प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल, महीधर सोलन विभाग संघचालक चंद्रशेखर, सोलन जिला संघचालक गुरदीप साहनी, राजगढ़ क्षेत्र से आए के प्रमुख व्यक्ति पद्मश्री विद्यानंद सरैक, नौणी विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. राजेश्वर चंदेल, अरुण कैंथला, उषा शर्मा, उषा चौहान, निहाल चंद, अतुल गोयल, अनिल वर्मा, आदि उपस्थित रहे। संगोष्ठी में प्रशासनिक श्रेणी सीए, अधिवक्ताओं, डॉक्टर्स, प्रिंसिपल, शोधकर्ता, विद्यार्थियों, धार्मिक श्रेणी समाज की सभी श्रेणियों के करीब 500 प्रमुख जन मौजूद रहे।

आज का राशिफल (Aaj ka Rashifal) 3 फरवरी 2026 : मिथुन, तुला और कुंभ राशि के लिए भाग्यशाली दिन, नेटवर्किंग के दम पर आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा

​Aaj Ka Rashifal 3 February 2026 : 3 फरवरी 2026 का दिन सभी 12 राशियों के लिए एक नई उम्मीद और जोश लेकर आने वाला है। आज का पूरा फोकस आपकी लीडरशिप स्किल्स और काम करने के तरीके पर रहेगा। मेष, वृश्चिक और मकर जैसी ऊर्जावान राशियों के लिए यह खुद को साबित करने और बड़ी जिम्मेदारी निभाने का सबसे बेहतरीन मौका है। वहीं दूसरी ओर मिथुन, तुला और कुंभ राशि के लोगों को अपनी बौद्धिक क्षमता और नेटवर्किंग के दम पर आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। वृषभ और कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन स्थिरता और प्लानिंग के लिहाज से काफी लकी रहने वाला है। कर्क और मीन जैसी राशियों को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने और अपनी सेहत पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होगी।

मेष राशि,आपकी क्रिएटिविटी आज सबको हैरान करेगी

मेष राशि के लोगों के लिए आज का दिन गजब की सेल्फ-बिलीफ और जोश से भरा होगा। उच्च के मंगल देव की कृपा से आपके भीतर एक ऐसी ऊर्जा रहेगी कि आप बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स को भी चुटकियों में सुलझाने का दम रखेंगे। आपकी क्रिएटिविटी आज सबको हैरान करेगी। हालांकि, ध्यान रहे कि जोश में आकर आप अहंकार का शिकार न हो जाएं या दूसरों पर हावी होने की कोशिश न करें, वरना ऑफिस में कुछ गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। करियर में आज आपकी विजिबिलिटी बढ़ेगी और आपके आइडियाज सीनियर मैनेजमेंट को प्रभावित करेंगे। फाइनेंस की बात करें तो दिन स्थिर है, बस मूड में आकर फिजूलखर्ची से बचें। सेहत के लिए आज का दिन अच्छा है, पर दिमागी सुकून के लिए 5 मिनट डीप ब्रीदिंग जरूर करें। लव लाइफ में जुनून रहेगा, बस पार्टनर के साथ बात करते समय विनम्र रहें।

लकी नंबर: 9 | लकी कलर: लाल उपाय: सुबह सूर्य देव को जल अर्पित करें और “ॐ भौमाय नमः” का जाप करें।

वृषभ राशि, विश्वसनीयता ही आपकी पहचान बनेगी

वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन ‘शांति और स्थिरता’ का पैगाम लेकर आया है। बृहस्पति और शुक्र के प्रभाव से आपके हर काम को बड़ों का आशीर्वाद मिलेगा। आपकी व्यावहारिक सोच और धैर्य आज हर मुश्किल काम को आसान बना देंगे। लोग आपकी राय को महत्व देंगे। नेगेटिव साइड की बात करें तो आज आप थोड़े जिद्दी हो सकते हैं या पुराने दृष्टिकोण को पकड़कर बैठ सकते हैं, जिससे काम में देरी संभव है। यदि कोई उपयोगी सुझाव मिले, तो उसे नजरअंदाज न करें। करियर के मामले में आपकी ईमानदारी और विश्वसनीयता ही आपकी पहचान बनेगी। हालांकि परिणाम तुरंत न दिखें, पर यह भविष्य की सफलता की नींव है। आर्थिक रूप से बचत की प्लानिंग के लिए यह शानदार समय है, विलासिता पर खर्च करने से बचें। सेहत स्थिर रहेगी, पर आलस्य से बचने के लिए वॉक या योग का सहारा लें। प्रेम संबंधों में वफादारी और सुरक्षा का भाव रहेगा, पार्टनर के साथ समय बिताना विश्वास को गहरा करेगा।
लकी नंबर: 6 | लकी कलर: हरा उपाय: माता लक्ष्मी को सफेद फूल चढ़ाएं और कुछ पल शांत बैठकर आत्म-चिंतन करें।

मिथुन राशि, कम्युनिकेशन स्किल्स कमाल की रहेगी

मिथुन राशि के जातक आज काफी जिज्ञासु और इंट्यूटिव मूड में रहेंगे। बुधदेव की अनुकूल स्थिति से आपकी कम्युनिकेशन स्किल्स कमाल की रहेगी, जिससे मीटिंग्स और डील्स में सफलता मिलेगी। आपकी मैच्योरिटी आज सबका दिल जीत लेगी। हालांकि, ओवरथिंकिंग आपकी शांति छीन सकते हैं। अनजाने में बोले गए शब्द दूसरों को चुभ सकते हैं, इसलिए बोलने से पहले सोचें। करियर में नेटवर्किंग और सीनियर्स का सहयोग मिलेगा। फाइनेंस की बात करें तो आज निवेश के बजाय पुराने हिसाब-किताब और दस्तावेजों को चेक करने का दिन है। हेल्थ को लेकर सावधान रहें, स्क्रीन टाइम कम करें क्योंकि आंखों में थकान हो सकती है। लव लाइफ में ईमानदारी से की गई बातचीत पुरानी गलतफहमियां दूर कर देगी।
लकी नंबर: 5 | लकी कलर: पीला उपाय: गौ माता को हरा चारा खिलाएं और “ॐ बुधाय नमः” का 11 बार जाप करें।

कर्क राशि,आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत हैं

कर्क राशि वालों का व्यक्तित्व आज काफी अट्रैक्टिव और मैग्नेटिक रहने वाला है। चंद्रमा के दूसरे भाव में होने से आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत हैं। सुबह का समय खुद के बारे में सोचने के लिए बहुत अच्छा है। आज आपकी सहानुभूति और दूसरों को समझने की शक्ति टीम वर्क में आपको लोकप्रिय बनाएगी। नेगेटिव साइड पर देखें तो आज आप दूसरों की बातों को बहुत जल्दी दिल पर ले सकते हैं; स्वयं पर संदेह न करें। करियर में आपकी शांति और समर्पण को नोटिस किया जाएगा। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी, बस ‘मूड-स्विंग्स’ वाली शॉपिंग से बचें। आपकी सेहत सीधे आपके इमोशन्स से जुड़ी है, इसलिए स्ट्रेस लेने से पाचन बिगड़ सकता है। प्यार के मामले में आज का दिन भावनात्मक जुड़ाव से भरा है, पार्टनर को उनकी मेहनत के लिए सराहना दें।
लकी नंबर: 2 | लकी कलर: सफेदउपाय: पीपल के पेड़ को दूध मिला हुआ जल चढ़ाएं।

सिंह राशि,स्टेटस दिखाने के चक्कर में फिजूलखर्ची न करें

सिंह राशि के लोगों के लिए आज का दिन काफी पावरफुल है, आप अपने विरोधियों पर पूरी तरह भारी पड़ेंगे। आपकी डिसीजन लेने की ताकत और आत्मविश्वास आज सबको हैरान कर देगा। चंद्रमा के आपकी ही राशि में होने से आपका व्यक्तिगत आकर्षण बढ़ेगा। हालांकि, अहंकार या दूसरों से बहुत अधिक प्रशंसा की उम्मीद करना रिश्तों में कड़वाहट ला सकता है। करियर में आपके बॉस और अधिकारी आपके काम को बारीकी से देख रहे हैं, इसलिए नेतृत्व संभालने के लिए तैयार रहें। पैसों के मामले में स्थिति स्थिर है, पर स्टेटस दिखाने के चक्कर में फिजूलखर्ची न करें। सेहत की बात करें तो ऊर्जा भरपूर रहेगी, बस गर्दन और कंधों में खिंचाव से बचने के लिए रेस्ट लें। लव लाइफ में रोमांस की गर्माहट रहेगी, बस पार्टनर को भी अपनी बात रखने का बराबरी का मौका दें।

लकी नंबर: 1 | लकी कलर: सुनहरा उपाय: सूर्य देव को अर्घ्य दें और बिना किसी को बताए किसी जरूरतमंद की मदद करें।

कन्या राशि, आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी

कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन अपनी बुद्धि और बारीकी से काम करने का है। बुध की कृपा से आपका मेथडिकल एप्रोच बड़े प्रोजेक्ट्स को आसान बना देगा। आपकी सलाह को काफी वैल्यू दी जाएगी। हालांकि, परफेक्शन की चाह में दूसरों की गलतियां निकालने से बचें, इससे अनावश्यक दूरी बन सकती है। खुद की आलोचना करना भी बंद करें। करियर में आपकी एफिशिएंसी से सीनियर्स का भरोसा बढ़ेगा। आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी, पर बजट की समीक्षा करना आपके लिए फायदेमंद होगा। सेहत के मामले में नींद और पाचन का ख्याल रखें; मानसिक थकान से बचने के लिए हल्की स्ट्रेचिंग करें। लव लाइफ में पार्टनर के साथ अच्छी ट्यूनिंग रहेगी, छोटे-छोटे केयरिंग जेस्चर आपके रिश्ते में नई जान फूंक देंगे।
लकी नंबर: 5 | लकी कलर: हरा उपाय: गौ माता को हरी सब्जियां खिलाएं और “ॐ बुधाय नमः” का जाप करें।

तुला राशि,सौंदर्य और सजावट पर खर्च हो सकता है

तुला राशि वालों का मन आज घर की सुख-सुविधाएं बढ़ाने और रिश्तों में संतुलन लाने में लगेगा। आपकी विनम्रता टूटे हुए पारिवारिक रिश्तों को फिर से जोड़ने का काम करेगी। करियर में सुबह की शुरुआत काफी प्रोग्रेसिव रहेगी, खासकर बातचीत और कूटनीति से जुड़ी डील्स में। हालांकि, फैसला न ले पाने की स्थिति से बचें और दूसरों की राय पर ज्यादा निर्भर न रहें। करियर में आज आप एक सफल मीडिएटर साबित हो सकते हैं। फाइनेंस की बात करें तो सौंदर्य या सजावट पर खर्च हो सकता है, पर बचत का ध्यान रखें। सेहत के लिए योग और गहरी सांस लेना फायदेमंद रहेगा। लव लाइफ में शांति और समझदारी रहेगी, पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताना आपसी भरोसा और बढ़ाएगा।
लकी नंबर: 6 | लकी कलर: गुलाबी उपाय: मंदिर में सफेद फूल चढ़ाएं और शुक्र मंत्र “ॐ शुं शुक्राय नमः” का जाप करें।

वृश्चिक राशि, आप बहुत ज्यादा इंटेंस महसूस कर सकते हैं

वृश्चिक राशि वाले आज खुद को बहुत निडर और साहसी महसूस करेंगे। मंगल का उच्च का होना आपको एक रणनीतिक बढ़त देगा, जिससे आप अपने कॉम्पिटिटर्स को पीछे छोड़ देंगे। आपकी बातचीत करने का स्टाइल पावरफुल रहेगा। नकारात्मक पक्ष देखें तो भाई-बहनों से विवाद की संभावना है या आप बहुत ज्यादा इंटेंस महसूस कर सकते हैं। इंजीनियरिंग और रिसर्च क्षेत्र वालों के लिए आज का दिन गेम-चेंजर साबित होगा। पैसों के मामले में टैक्स या गुप्त निवेश से जुड़े काम सावधानी से करें। सेहत के लिए मानसिक तनाव को बाहर निकालना जरूरी है; मेडिटेशन करें। लव लाइफ में आज काफी पैशन और गहराई रहेगी, बस पार्टनर पर कंट्रोल करने की कोशिश न करें और ऑफिस की टेंशन घर न लाएं।
लकी नंबर: 9 | लकी कलर: मैरून उपाय: शाम को हनुमान जी के सामने दीपक जलाएं और शांति से ध्यान लगाएं।

धनु राशि, लक्ष्यों पर फोकस करने का दिन है

धनु राशि के जातकों के लिए आज पुरानी समस्याओं को सुलझाने और लक्ष्यों पर फोकस करने का दिन है। वक्री गुरु के बावजूद आप अपनी मैच्योरिटी से स्थिति को संभाल लेंगे। हालांकि, मन में थोड़ी बेचैनी या काम में देरी से झुंझलाहट हो सकती है। कड़वी वाणी से बचें। करियर में आपकी ईमानदारी और अनुभव की बहुत मांग रहेगी, जिससे उन्नति के रास्ते खुलेंगे। फाइनेंस के मामले में आज भविष्य के लिए कोई ठोस योजना बनाएं, पुराने निवेश का रिव्यू करें। सेहत के लिए गले और दांतों का ध्यान रखें और बाहरी गतिविधियों में समय बिताएं। लव लाइफ में पार्टनर के साथ व्यवहारिक समर्थन और ईमानदारी रिश्ते को मजबूती देगी, पुरानी बातों को गरिमा के साथ सुलझाएं।
लकी नंबर: 3 | लकी कलर: पीला उपाय: किसी गरीब को पीली मिठाई दें और कुछ देर मौन रहें।

मकर राशि,अधिकारियों के बीच आपकी साख बढ़ेगी

मकर राशि वाले आज एक बहुत ही ‘पावरफुल’ फेज में हैं। शनिदेव की कृपा और उच्च के मंगल का लग्न पर प्रभाव आपको सफलता के नए मुकाम पर ले जाएगा। आप जो ठान लेंगे, उसे पूरा करेंगे। हालांकि, काम का प्रेशर आपको जिद्दी या लोगो को इमोशनली दूर कर सकता है। अपनों को समय देना न भूलें। करियर में आज आप कोई बड़ा कॉन्ट्रैक्ट साइन कर सकते हैं या किसी टीम को लीड करेंगे। अधिकारियों के बीच आपकी साख बढ़ेगी। आर्थिक रूप से आपका स्टेटस बढ़ेगा, बचत की योजनाएं सफल होंगी। सेहत के मामले में थकान या जोड़ों का दर्द हो सकता है, इसलिए संतुलित दिनचर्या रखें। लव लाइफ में आप पार्टनर के लिए ढाल बनकर खड़े रहेंगे, बस भावनाओं को भी जगह दें।
लकी नंबर: 8 | लकी कलर: भूरा उपाय: शाम को तिल के तेल का दीपक जलाएं और अपने काम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।

कुंभ राशि, वाणी पर संयम रखना होगा

कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन नए विचार और क्रिएटिविटी से भरा है। आप लीक से हटकर सोचेंगे, जिससे बिजनेस में फायदा होगा। शनि की साढ़ेसाती के बीच आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। नेगेटिव साइड पर आप थोड़े इमोशनली डिटैच महसूस कर सकते हैं या तर्कों में उलझ सकते हैं। करियर में रिसर्च और भविष्य की प्लानिंग के लिए दिन अच्छा है। फाइनेंस की बात करें तो पुराने रुके हुए पेमेंट मिलने की उम्मीद है, पर सट्टेबाजी से दूर रहें। हेल्थ के लिए पैरों में दर्द या मानसिक थकान हो सकती है, इसलिए पर्याप्त पानी पिएं। प्यार के मामले में पार्टनर के साथ भावनात्मक गर्मजोशी बनाए रखें, केवल तर्क से रिश्ते नहीं चलते।
लकी नंबर: 8 | लकी कलर: नीला उपाय: पीपल के पेड़ के नीचे दिया जलाएं और अपनी मानसिक शांति के लिए प्रार्थना करें।

मीन राशि,नेगेटिविटी या समस्याओं का बोझ खुद पर न लें

मीन राशि के लोगों के लिए आज का दिन इच्छाओं की पूर्ति और आत्मिक शांति का है। आपकी इन्टूशन बहुत स्ट्रॉन्ग रहेगी, जिससे आप आने वाले मौकों को पहचान लेंगे। सुबह का समय कलात्मक कार्यों के लिए बहुत लकी है। हालांकि, दूसरों की नेगेटिविटी या समस्याओं का बोझ खुद पर न लें, वरना रात को मानसिक थकान हो सकती है। करियर में टेक्नोलॉजी और समाज सेवा से जुड़े लोगों की उन्नति होगी, बस अपने वर्कफ्लो में थोड़ा डिसिप्लिन लाएं। आर्थिक रूप से आय के नए स्रोत खुलेंगे, पर उदारता में बजट न बिगाड़ें। सेहत के लिए पानी का सेवन बढ़ाएं और ध्यान करें। लव लाइफ में सुकून रहेगा, पार्टनर को भावनात्मक सुरक्षा का अहसास कराएं।
लकी नंबर: 7 | लकी कलर: समुद्री हरा उपाय: किसी पौधे को दूध मिला जल चढ़ाएं और थोड़ी देर मौन ध्यान करें।