कुठाड़ के चीडू का पानी में निजी कंपनी द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे पर राजस्व विभाग ने की पैमाईश…

कसौली/हेमेंद्र कंवर: कसौली उपमंडल के कुठाड़ के प्राचीन हनुमान मंदिर चीडू का पानी के पास सरकारी जमीन व मुख्य रास्ते पर अवैध कब्जा करने के एक मामले की शिकायत के बाद राजस्व विभाग द्वारा निशानदेही कारवाही गई। गौरतलब है कि मंदिर के महंत श्रवण स्वरूप व स्थानीय जनता ने वन विभाग के अधिकारी को शिकायत दी थी कि गत दिनों मुंबई की एक कंपनी के कर्मचारी व मजदूर बिना किसी को सूचित किए पिल्लर गाड़ने लगे हैं जिसका स्थानीय जनता मंदिर के पुजारी ने कड़ा ऐतराज जताया। उनका कहना है कि यह भूमि मंदिर और गौशाला की है और कंपनी के कर्मचारी अवैध रूप से उनकी और वन विभाग की भूमि पर कब्जा जमाने लग गए हैं। उन्होंने मौके के फोटो और वीडियो बना कर संबंधित विभाग को भेजे और कार्य को रोकने का आग्रह किया ताकि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रोका जा सके। शिकायत मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कंपनी के लोगों को काम रोकने के आदेश दिए हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि कब्जा अभी पूरी तरह हटाया नहीं गया था। प्रशासन के आदेशों के बाद शनिवार को राजस्व विभाग ने भूमि की निशानदेही का दिन तय किया था ताकि कब्जे की स्थिति स्पष्ट हो सके और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके. हालांकि मौके पर दो तीन पटवार सर्कल का एरिया होने के साथ पैमाईश का कार्य पूरा नहीं हो पाया। इसके लिए विभाग जल्दी ही पैमाईश की तिथि घोषित करेगा। उधर इस संबंध में कुठाड़ के नायब तहसीलदार सूरज सिंह वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा भूमि का सीमांकन (पैमाइश) किया गया। ताकि सरकारी और निजी भूमि की सही पहचान हो सके। परंतु आज निशानदेही पूरी नहीं हो पाई है उन्होंने कहा कि निशानदेही में कुछ समय लगेगा क्योंकि यह भूमि दो पटवार वृत में आती है उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह निशानदेही का दिन तय किया जाएगा। फिलहाल कंपनी द्वारा लगाए गए पिल्लरों को राजस्व विभाग के निर्देश बाद निकाल दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने सशस्त्र कल्याण कोष में उदारतापूर्वक योगदान करने का किया आग्रह

शिमला: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आज यहां सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सशस्त्र सेना का झंडा लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सशस्त्र कल्याण कोष में अंशदान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में उदारतापूर्वक योगदान देने और सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के दृष्टिगत इस पुनीत कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। देश सेवा करते हुए सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों द्वारा दिया गया अतुलनीय बलिदान हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। उप-निदेशक शिमला व किन्नौर सैनिक कल्याण लेफ्टिनेंट कमांडर अतुल चंबियाल भी इस अवसर पर मौजूद थे।

नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण व आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यक : ईशानी शर्मा

सोलन: न्यायिक दण्डाधिकारी एवं उपमण्डल विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष ईशानी शर्मा ने कहा कि नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण व आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। ईशानी शर्मा आज अर्की में विशाल विधिक साक्षरता शिविर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थी। ईशानी शर्मा ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नशा एक व्यापक समस्या है और इसके निदान के लिए समाज को एकजुट होना आवश्यक है। हम एकजुट होकर ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हर व्यक्ति को योगदान देना होगा। न्यायिक दण्डाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बढ़ी आवश्यकता है और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण व आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को व्यक्तिगत रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। न्यायिक दण्डाधिकारी ने तदोपरांत एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर पट्टिका पर हस्ताक्षर भी किए। इस शिविर में नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण तथा आपदा पीड़ितों के पुनर्वास विषय पर सारगर्भित जानकारी प्रदान की गई। अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर ने नशा निवारण विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नशा कोई भी हो वह तन, मन, धन का नाश करता है। अधिवक्ता आर.के. शर्मा ने इस अवसर पर पर्यावरण सुरक्षा तथा अधिवक्ता हरिश कौशल ने आपदा पीड़ितों के पुनर्वास विषय पर अपने बहुमूल्य विचार रखे। इस अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अर्की के छात्र सुनील व तमन्ना ने नशा निवारण तथा पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार भी रखें। बार ऐसोसिएशन अर्की के अध्यक्ष जोगिन्द्र ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यातिथि व अन्य गणमान्यों का स्वागत किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अर्की के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, उपाध्यक्ष पदम् देव कौशल, बॉर ऐसोसिएशन अर्की के अध्यक्ष जोगिन्द्र ठाकुर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अर्की के प्रधानाचार्य अजय ठाकुर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अर्की के अनुदेशक, प्रशिक्षु, महिला मण्डल की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

सुपर मास्टर्स गेम्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे हिमाचल के 400 खिलाड़ी: विनोद

सोलन: सुपर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन के सीईओ व हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र के पूणे में 27 से 31 जनवरी तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के करीब 400 खिलाड़ी भाग लेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 22 गेम्स करवाई जा रही है। इसमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, फुटबॉल,तैराकी, शूटिंग समेत अन्य खेल शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की भागीदारी को लेकर रविवार को सोलन के रेस्टहाउस में कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। विनोद कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश भले ही छोटा राज्य हैं, लेकिन मास्टर्स गेम्स में हिमाचल प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग मुकाम है। पिछली राष्ट्रीय प्रतियोगिता, जो धर्मशाला में आयोजित की गई थी, में हिमाचल अंक तालिका में देश में पांचवे नंबर पर रहा था।

बॉस्केटबॉल के ट्रायल 14 को कसौली इंटरनेशनल स्कूल में

विनोद कुमार ने बताया कि हमीरपुर में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में किन्ही कारणवश हिमाचल की बास्केटबॉल की प्रतियोगिता नहीं हुई थी। इसलिए हिमाचल प्रदेश के 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के जो भी बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं, वो कसौली इंटरनेशनल स्कूल सनवारा में 14 दिसंबर को ट्रायल में भाग ले सकते हैं ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया जा सकें।
ये रहे मौजूद
इस बैठक में सुपर मास्टर्स गेम्स हिमाचल के निदेशक बक्शीचंद जसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल सिंह कपूर, प्रदेश संयुक्त सचिव केवल राम, सोलन जिला के अध्यक्ष रजनीश कौशिक, बीके जोशी, कुनाल सूद, कमलेश कुमार, लीला दत्त, लोकेंद्र शर्मा, अजीतपाल वर्मा, उपेंद्र, अजय वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

Mangal Gochar 2025 : मंगल गोचर धनु राशि में, अब अगले 41 दिन होंगे मिथुन, धनु समेत कई राशियों के लिए मंगलकारी, पाएंगे धन-दौलत और सौभाग्य

मंगल का गोचर आज यानी 7 दिसंबर को धनु राशि में होने जा रहा है। मंगल ग्रह को साहस, शक्ति, आत्मविश्वास, ऊर्जा, भूमि आदि का कारक माना गया है। ऐसे में इस गोचर से कई राशियों की किस्मत पलटने वाली है। वहीं, मंगल जब धनु राशि में प्रवेश करेंगे तो मंगल और गुरु पूर्ण दृष्टि से एक दूसरे को देखेंगे। इससे गुरु और मंगल के बीच समसप्तक योग बनेगा। ऐसे में आज से अगले 41 दिनों तक मिथुन, धनु सहित कई राशियों का समय मंगलकारी रहेगा। इनके धन-दौलत, आत्मविश्वास और साहस में वृद्धि होगी। साथ ही, इस दौरान नेतृत्व की क्षमता बढ़ेगी और नए अवसरों की भी प्राप्ति होती है। वहीं, कर्क, कन्या सहित कुछ राशियों को मंगल गोचर के दौरान अलर्ट रहने की जरूरत होगी। आइए विस्तार से जानते हैं मंगल गोचर का मेष से मीन तक सभी राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा।

मेष राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : भाग्य का मिलेगा साथ

मंगल गोचर मेष राशि के नौवें भाव में हो रहा है। इस दौरान आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा और रोजगार के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे। अपने प्रयासों से आपको कार्यक्षेत्र में अपेक्षित परिणाम प्राप्त होगा और नौकरी करने वालों की सराहना भी की जाएगी। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए इस गोचर के दौरान उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त हो सकते हैं। आर्थिक लाभ की भी प्रबल स्थितियां बनती जाएंगी।

वृषभ राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : उतार-चढ़ाव भरा रहेगा वक्त

मंगल गोचर वृषभ राशि के आठवें भाव में होगा। इस अवधि में करियर में आपको मिले जुले परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। हालांकि, विदेशी संबंधों से लाभ होगा। कार्यक्षेत्र में कुछ बाधाएं आ सकती हैं और सहयोगियों का साथ न मिलने से परेशान रहेंगे। आपकी जिम्मेदारियों में भी इजाफा हो सकता है। आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि धन हानि होने की आशंका है।

मिथुन राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : करियर में मिलेगी सफलता

मंगल का गोचर मिथुन राशि के सातवें भाव में हो रहा है। ऐसे में समसप्तक योग का उत्तम संयोग भी बनेगा, जिससे आपको भरपूर लाभ मिलने की संभावना है। करियर में सफलता प्राप्त होगी और कार्यक्षेत्र में भी उन्नति के नए मार्ग प्रशस्त होंगे। आप कुछ बड़े फैसले ले सकते हैं जिनकी सराहना अधिकारी और सहकर्मी भी करेंगे। किसी तीर्थ यात्रा पर जाने की योजना भी बना सकते हैं, जिससे प्रसन्नता महसूस करेंगे।

कर्क राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : मेहनत भरा रहेगा समय

मंगल गोचर कर्क राशि के छठे भाव में होगा। इस दौरान आपको उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं और सही फैसलों से लाभ भी मिलेगा। इस समय आपको जल्दबाजी में कोई भी काम करने से बचना होगा, अन्यथा समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। साझेदारी में काम करने वालों को अधिक मेहनत करनी होगी और चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में संयम के साथ समाधान ढूंढना बेहतर होगा।

सिंह राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : धन में होगी वृद्धि

मंगल का गोचर सिंह राशि के पांचवें भाव में होगा, जिससे नौकरी और व्यवसाय के क्षेत्र में आपको लाभ के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, करियर में भी सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ते जाएंगे। आपको अपने नए विचारों और रचनात्मक योजनाओं से अच्छा मुनाफा होगा। जिससे आर्थिक स्थिति भी बेहतर होती जाएगी और आपके धन में वृद्धि होगी। निवेश से भी धन लाभ के शुभ संयोग बन सकते हैं।

कन्या राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : पारिवारिक समस्याओं का करेंगे सामना

मंगल का गोचर कन्या राशि के चौथे भाव में होगा। इस अवधि के दौरान कार्यक्षेत्र में आपको नई योजनाओं और प्रोजेक्ट से लाभ प्राप्त हो सकता है। लेकिन पारिवारिक जीवन में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। जीवनसाथी और घर के सदस्यों से किन्हीं कारणों के चलते मतभेद होने की संभावना है। हालांकि, शांत मन और आपसी समझ से आप एक साथ समस्याओं का समाधान खोज सकते हैं। पुराने निवेशों या पैतृक संपत्ति से आपको अचानक लाभ मिलने की भी संभावना है।

तुला राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : खट्टे-मीठे होंगे अनुभव

मंगल गोचर तुला राशि के तीसरे भाव में होगा। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं और कमाई बढ़ने की भी संभावना है। लेकिन यात्राओं को टालना बेहतर होगा क्योंकि, इनसे लाभ कम मिलने की संभावना है। किसी भी मामले में अत्यधिक क्रोध से बचें। इससे स्थिति सामान्य बनी रहेगी। मंगल गोचर से आपकी आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी और पुराने निवेशों से लाभ भी प्राप्त हो सकता है।

वृश्चिक राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : मुश्किलों का करेंगे सामना

मंगल का गोचर वृश्चिक राशि के दूसरे भाव में होने जा रहा है, जिससे आपको कुछ मुश्किल परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ सकता है। व्यवसाय में प्रयास और मेहनत के बावजूद अपेक्षित परिणाम न मिलने से मन निराश होगा। आर्थिक मामलों में भी बाधाएं आने की संभावना है और जीवनसाथी को कोई भी बात सोच-समझकर बोलनी जरूरी होगी। इस समय कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें, अन्यथा अधिक हानि हो सकती है।

धनु राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : मिलेगा चौतरफा लाभ

मंगल गोचर धनु राशि के पहले भाव में होगा, जिससे आपको जीवन में खुशियों और सौभाग्य की प्राप्ति होगी। व्यवसाय के क्षेत्र में प्रगति मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। आत्मविश्वास और मेहनत से आप हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे। साथ ही, आर्थिक मामलों में भी अच्छा लाभ प्राप्त कर सकते हैं। करियर में भी उन्नति मिलने के संकेत हैं और विदेश यात्रा का योजना भी बन सकती है। जीवनसाथी और दोस्तों के साथ अच्छा वक्त बिताने का मौका मिलेगा। पारिवारिक जीवन भी सुखद रहेगा।

मकर राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : खर्चों में होगी वृद्धि

मंगल गोचर मकर राशि के बारहवें भाव में होगा। इस अवधि के दौरान आपको कार्यक्षेत्र में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार के क्षेत्र में अपेक्षित लाभ न प्राप्त होने से मन निराश हो सकता है। वहीं, आर्थिक मामलों में व्यय की स्थिति अधिक रहेगी। खर्चे बढ़ने से मानसिक तनाव बढ़ने की संभावना है। इस समय किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना होगा। हालांकि, जीवनसाथी के साथ अच्छा समय व्यतीत कर सकते हैं।

कुंभ राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : नई योजनाओं से होगा लाभ

मंगल का गोचर कुंभ राशि के ग्यारहवें भाव में होने जा रहा है। इस गोचर से व्यवसाय और नौकरी के क्षेत्र में आपको अपनी सूझबूझ से लाभ मिलने की संभावना है। सामाजिक कार्यों में भी हिस्सा ले सकते हैं। सहयोगियों का साथ मिलेगा और निकटता भी बढ़ेगी। नए विचार और योजनाओं से आपको करियर में सफलता मिल सकती है। वहीं, शादीशुदा लोगों के दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

मीन राशि पर मंगल गोचर का प्रभाव : अप्रत्याशित लाभ मिलेगा

मंगल गोचर मीन राशि के दसवें भाव में होगा। व्यापार और नौकरी के मामले में आपको बड़ी सफलता प्राप्त हो सकती है। कार्यक्षेत्र में आपके काम की सराहना की जाएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। लाभ कमाने के सुनहरे मौके मिलेंगे और आपकी प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी। निवेश से अप्रत्याशित लाभ मिलने की संभावना है। धन में वृद्धि होगी और घर-परिवार का माहौल भा खुशनुमा बना रहेगा। मंगल गोचर मीन राशि के लिए हर मामले में उत्तम साबित हो सकता है।