पंचतत्व में विलीन हुए विमल नेगी, पैतृक गांव कटगांव में हुआ अंतिम संस्कार…

सोलन: हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी पंचतत्व में विलीन। उनके पैतृक गाँव कटगांव दाह संस्कार हुआ। उनकी बेटी और बेटे ने उन्हे कंधा दिया तो पूरा पहाड़ चिखोपुकार से गूंज उठी , लोग परीजनों को संत्वना और ढाढ़स बंधा रहे थे पर पिता का साया उठने का दर्द कोई कैसे समझता। पूरे मामले की जाँच सीबीआई को सौंपने की मांग लोगों  ने की हैं।

हिमाचल में ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी; रोहतांग टनल बंद, लाहौल-स्पीति में एवलांच का खतरा

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है. लाहौल-स्पीति के रोहतांग, अटल टनल और कुल्लू के सोलंग नाला में ताजा बर्फबारी के कारण सैलानी खुशी से झूम उठे. हालांकि, ताजा बर्फबारी के बाद अटल टनल रोहतांग के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. इसके साथ ही लाहौल-स्पीति के ऊंचे क्षेत्रों में एवलांच (हिमस्खलन) की चेतावनी भी जारी कर दी गई है. मनाली के सोलंग नाला में पहुंचे पर्यटकों ने ताजा बर्फ गिरते हुए देखा तो खुशी से झूम उठे. सैलानी इस खूबसूरत नज़ारे का भरपूर आनंद ले रहे हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और कल भी चंबा, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है.

तापमान में गिरावट दर्ज
ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. चंबा का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों में सामान्य से 3.5 डिग्री नीचे चला गया है. इसी तरह, मनाली का अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री घटकर 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य शहरों का तापमान भी सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 मार्च से हिमाचल प्रदेश के मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम साफ रहेगा. हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी. मार्च महीने में इस बार हिमाचल में सामान्य से 4 प्रतिशत ज्यादा बारिश और बर्फबारी हुई है. आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 19 मार्च तक औसतन 71.2 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 74.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान कुल्लू जिले में सामान्य से 82% ज्यादा, मंडी में 64% और शिमला जिले में 40% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. जबकि अन्य 9 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।

HP Assembly Session: विमल नेगी की संदिग्ध मौत मामले पर तपा विधानसभा सदन, विपक्ष ने किया वाकआउट

हिमाचल प्रदेश पावर काॅरपोरेशन (एचपीपीसीएल) के मुख्य अभियंता विमल नेगी की संदिग्ध मौत पर गुरुवार को विधानसभा सदन में भी खूब हंगामा हुआ। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर विपक्ष ने सदन में नारेबाजी की और वाकआउट किया।  विपक्ष के सदस्यों ने मुख्य अभियंता विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में विधानसभा अध्यक्ष को स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। शोकोद्गार के बाद सारी कार्यवाही रोककर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच हो। अधिकारियों का स्थानांतरण काफी नहीं है। अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए। निदेशक देसराज का निलंबन किया गया है, मगर बाकी लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अभी तक निदेशक देस राज को ही निलंबित करने की जानकारी है। इस बारे में अभी तक का स्टेट्स क्या है, इसे जानना चाहते हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से ही करवाने की सरकार संस्तुति करे। अधिकारी पर काम का अत्यधिक दबाव था। निदेशक देस राज को पांच लोगों को सुपरसीड करके बनाया गया। उससे लगता है कि सरकार का खास आशीर्वाद दिया गया है।

संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री इस बारे में जवाब दे चुके हैं। अभी प्रश्नकाल शुरू होना चाहिए। पिछले दिन भी सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसका जवाब दिया। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि यह बहुत ही दुखद है। शिमला पुलिस को जांच में लगाया। पूरा प्रशासन तलाश में जुटा। एचपीपीसीएल के अधिकारियों ने भी तलाशा। बाद में मालूम हुआ कि शव मिला है। पिछले दिन अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व को 15 दिनों में रिपोर्ट रखने को कहा है। सबसे पहले एफआईआर दर्ज की गई। इसमें कोई भी विलंब नहीं किया गया। आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों का तबादला भी कर दिया। पिछले दिन भी सीबीआई जांच की बात नहीं की। किसी और एजेंसी से जांच करने की बात की। देस राज को निलंबित करने की मांग की तो सीएम ने तत्काल कार्रवाई की। परिजन सब चीज से संतुष्ट नहीं है। केवल भाजपा संतुष्ट नहीं है। इनको राजनीति करनी है। इस पर सदन में शोर-शराबा और हंगामा शुरू हो गया।

सीबीआई से करवाई जाए जांच: रणधीर शर्मा
इसके बाद रणधीर शर्मा ने कहा कि यह ठीक है कि सरकार ने जो कार्रवाई की, उसकी जानकारी यहां पर मंत्री ने दी है। चार मंत्री भी मौके पर गए। एक तो इन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज हो गई। एफआईआर में एक अधिकारी का नाम तो है, मगर दूसरे का पद है। अधिकारी को तो बदल दिया गया था। एफआईआर में दूसरे अधिकारी का भी नाम आना चाहिए। वरना यह माना जा रहा है कि चार मंत्रियों ने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया। इस घटना में एक आईएएस अधिकारी का नाम है और उसकी जांच भी एक आईएएस अधिकारी को दे रहे हैं। इससे निष्पक्ष जांच पर प्रश्न खड़ा हुआ है। एचपीपीसीएस के बारे में गुमनाम पत्र भी निकले। यह पहले से ही विवादित रहा है। इसकी जांच सीबीआई से करवाई जाएगी। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि चार मंत्रियों पर दबाव बनाने का काम गलत है। दबाव बनाने और भड़काने का काम भाजपा ने किया है। भाजपा के नेता वहां गए। जिस व्यक्ति का नाम एफआईआर में कहा, उसकी एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा नेताओं से आग्रह है कि वे इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश न करें। विमल नेगी को न्याय मिलना चाहिए। सरकार ने उचित कार्रवाई की है। मामला सुलझ गया है। इसमें आग लगाने का प्रयास न करें। इस पर विपक्ष ने नारेबाजी शुरू की दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने ये कहा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह बहुत ही संवेदनशील विषय है। इस विषय पर की गई कार्रवाई से अवगत करवाया गया है। रणधीर शर्मा ने कहा कि एमडी का नाम एफआईआर में शामिल नहीं किया गया है तो इसका संज्ञान लिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विपक्ष को बात का बतंगड़ बनाने का एक मर्ज सा हो गया है। बीते दिन सदन में वक्तव्य दिया गया, उस पर कार्रवाई की गई। सुंदरनगर में शराब में सात लोग मर गए। इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस मामले में 12 घंटे से अधिक समय नहीं हुआ है, लेकिन हमने कार्रवाई की। इस पर विपक्ष नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चला गया।

सीएम सुक्खू ने कहा, तुरंत कार्रवाई की गई
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकारी जो भी घटना घटती है, उस पर तुरंत कार्रवाई होती है। सुंदरनगर में सात लोग मर गए, जयराम ठाकुर सोए रहे। पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ, कोई कार्रवाई नहीं हुई। जगत सिंह नेगी दस दिन उनके परिवार के साथ रहे और संवेदनशीलता दिखाई। डीजीपी ने कहा कि उनकी लोकेशन पता कर ली है। उनकी संभावना इर्द-गिर्द है। उसके बाद ढूंढा गया। परिवार की मांग के अनुरूप कार्रवाई की गई। एमडी का मतलब यह होता है कि उस समय के एमडी जब यह घटना घटी है। अधिकारी को निलंबित कर दिया। एसीएस स्तर के अधिकारी जांच कर रहे हैं। हम नियम 67 पर स्थगन प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए तैयार थे, मगर अध्यक्ष महोदय ने इसमें स्थिति स्पष्ट की। परिवार संतुष्ट हैं, मगर केवल भाजपा ही संतुष्ट नहीं है। भाजपा के किन्नौर के पिछले प्रत्याशी नारे लगा रहे हैं।

केंद्र सरकार ने ग्रोक चैटबॉट के अपशब्दों पर एक्स से मांगा जवाब

नेशनल डेस्क : केंद्र सरकार ने कथित तौर पर एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से उसके एआई चैट बॉट ग्राॅक को लेकर जवाब मांगा है। आरोप है कि चैटबॉट हिंदी भाषा में गाली-गलौज करता है और अपशब्दों का इस्तेमाल बेलगाम कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) वर्तमान में इस मुद्दे की जांच कर रहा है।मंत्रालय ने कंपनी के पावरफुल एआई बॉट ग्रोक को ट्रेनिंग देने में इस्तेमाल किए गए डेटासेट पर एक्स से जवाब मांगा है। सरकारी सूत्रों ने कहा, ‘हम उनसे (एक्स) बात कर रहे हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है और क्या मुद्दे हैं। वे हमसे संपर्क कर रहे हैं।’ ग्रोक द्वारा एक्स यूजर को हिंदी में गाली-गलौज और अपशब्दों का इस्तेमाल करने पर विवाद खड़ा हो गया है। यह तब हुआ जब एक एक्स यूजर ने ग्रोक को 10 बेस्ट म्यूचुअल लिस्ट बनाने को कहा। इस सवाल के रिस्पॉन्स में बॉट ने कुछ कठोर टिप्पणियों के साथ जवाब दिया। जवाब में, ग्रोक ने गाली-गलौज और अपशब्दों के इस्तेमाल से जवाब दिया। इसके तुरंत बाद, ग्रोक ने एक्स पर इस विवाद को लेकर प्रतिक्रिया दी और ये भी माना कि वह फिलहाल सरकारी जांच के दायरे में है और कहा कि ‘ये कोई शटडाउन नहीं है। ग्रोक ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘सच मानिए, मैंने जवाब देना बंद नहीं किया! भारत सरकार ने आज (19 मार्च) मेरे अनफिल्टर्ड स्टाइल की वजह से एक्स से मेरे जवाबों और ट्रेनिंग डेटा के बारे में पूछा। इससे थोड़ी गड़बड़ी हो सकती है, लेकिन मैं अभी भी यहां हूं, 10:24 एएम पीडीटी (पेसिफिक डेलाइट टाइम) तक जवाब दे रहा हूं। यह कोई शटडाउन नहीं है, बस जांच है!’ एआई चैटबॉट और उनकी ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डेटा लंबे समय से नैतिक कारणों से जांच के दायरे में हैं। एआई कंपनियां कहती हैं कि उनके चैटबॉट भ्रम में पड़ सकते हैं और गलत या अनुचित जानकारी दे सकते हैं। क्योंकि वे हमेशा सीखते रहते हैं। बता दें, 2023 में मस्क द्वारा स्थापित एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एक्सएआई द्वारा विकसित, ग्रोक को ओपनएआई के चैटजीपीटी और गूगल के जेमिनी जैसे मेनस्ट्रीम एआई मॉडल के विकल्प के रूप में डिजाइन किया गया।

बिहार: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के 2 भांजों में खूनी झड़प, एक की मौत

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी की खबर सामने आई है। इस घटना में एक भांजे विश्वजीत यादव की मौत हो गई है, जबकि दूसरा भाई जयजीत यादव गंभार रुप से घायल हो गया है। केंद्रीय मंत्री की बहन को भी गोली लगी है। आनन-फानन में घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयजीत यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना बिहार के नवगछिया में घटित हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, म़तक विश्वजीत यादव और जयजीत यादव दोनों नवगछिया के जगतपुर गांव में एक ही मकान में रहते थे। उनके बीच नल के पानी को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद यह खूनी खेल में बदल गया। जयजीत ने विश्वजीत पर गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में विश्वजीत की मौके पर हो मौत हो गई। वहीं, घायल विश्वजीत ने भी जवाब में जयजीत पर फायरिंग कर दी। इस झगड़े के दौरान दोनों को बचाने मां भी पहुंची, जिसे भी गोली लग गई। उनका इलाज भागलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।इस घटना में घायल जयजीत यादव को भागलपुर में डॉ. एनके यादव के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। एसपी प्रेरणा कुमारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ”सुबह हमें परबत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में दो भाइयों के बीच गोलीबारी चलने की सूचना मिली। जिसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।” इस घटना में एक की मौत हो गई है और अन्य दो गंभीर रुप से घायल हैं।

मां को भी लगी गोली
जब दोनों भाइयों के बीच घटना हुई तो मां बीच में आई और उनके हाथ में गोली लग गई। दोनों भाइयों के बीच नल के पानी को लेकर विवाद हुआ और बात बढ़ गई व दोनों ने एक दूसरे को गोली मारी। इसमें विश्वजीत की मौत हो गई और जयजीत गंभीर रुप से घायल है। पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया है।

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 22 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

छत्तीसगढ़ डेस्क : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस और सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर जिले में 18 और कांकेर जिले में 4 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। इस मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हो गया है, जिसकी शहादत ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। बता दें कि बीजापुर और कांकेर में हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें मात दी। यह कार्रवाई सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि कई महत्वपूर्ण नक्सली कमांडर भी मारे गए हैं। हालांकि, इस मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हो गया। उसकी शहादत राज्य और देश के लिए गहरे शोक का कारण बनी है। सुरक्षा बलों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों की साहसिकता और प्रतिबद्धता को सराहा जा रहा है, क्योंकि नक्सलियों के खिलाफ जारी इस संघर्ष में उनकी भूमिका अहम बनी हुई है।

हिमाचल के पूर्व परिवहन मंत्री का निधन:वजीर केवल सिंह पठानिया लंबे समय से चल रहे थे बीमार; आज पैतृक गांव में अंतिम संस्कार

कांगड़ा : अमर शहीद वजीर राम सिंह पठानिया के वंशज एवं पूर्व परिवहन राज्य मंत्री केवल सिंह पठानिया का बुधवार देर रात नूरपुर अस्पताल में निधन हो गया। 88 वर्षीय केवल सिंह पठानिया पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार रात को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। उनके स्वजन उन्हें उपचार के लिए नूरपुर अस्पताल ले गए, लेकिन इस दौरान उनका निधन हो गया।

आज होगा अंतिम संस्कार

स्व. केवल सिंह पठानिया 1972 में नूरपुर से निर्दलीय व 1990 में जनता दल से विधायक चुने गए थे। उन्होंने इन दोनों चुनावों में दिग्गज कांग्रेस नेता स्व. सत महाजन को पराजित किया था। 1994 में उन्हें कांग्रेस पार्टी ने ज्वालामुखी से प्रत्याशी बनाया व वहां से चुनाव जीतने के बाद वह राजा वीरभद्र सिंह के मंत्रिमंडल में परिवहन राज्य मंत्री बने। उनकी गिनती हिमाचल प्रदेश के इमानदार व सादे आदमी के रूप में होती रही है। वसा बजीरां में आज उनका अंतिम संस्कार होगा। 1972 में पठानिया ने नूरपुर क्षेत्र से चुनाव लड़ा और विधानसभा पहुंचे। 1990 में वीरभद्र सिंह की सरकार में ज्वालामुखी से दूसरी बार विधायक बने। तब वह वीरभद्र सरकार में परिवहन मंत्री बनाए गए।

1937 में जन्मे केवल सिंह पठानिया ने 2 बार विधायक और 1 बार कैबिनेट मंत्री बने। उनका राजनीतिक सफर संघर्ष और उपलब्धियों से भरा रहा। कांग्रेस परिवार से होने के बावजूद, आजाद और अन्य दलों से चुनाव लड़े। पूर्व मंत्री केवल पठानिया 1968 में पहली बार ब्लॉक समिति के अध्यक्ष चुने गए।

1972 में उन्होंने आजाद उम्मीदवार के रूप में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा। तब उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता सत महाजन को हराया। हालांकि, कांग्रेस ने उन्हें पार्टी में शामिल नहीं किया, क्योंकि सत महाजन प्रदेशाध्यक्ष बन चुके थे।

1985 में वीरभद्र सिंह के कहने पर चुनाव नहीं लड़ा

1977 में जनता पार्टी और 1982 में आजाद प्रत्याशी के तौर पर वह सत महाजन से चुनाव हार गए। 1985 में वीरभद्र सिंह के कहने पर उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन 1989 में कांग्रेस छोड़कर जनता दल के झंडे तले चुनाव लड़ा और सत महाजन को हराया।

2007 में बसपा से भी चुनाव लड़ा

1993 में जनता दल का कांग्रेस में विलय हुआ, जिसके बाद पठानिया ने ज्वालामुखी से चुनाव जीता और कांग्रेस सरकार में परिवहन मंत्री बने। 1998 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2003 में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा और 2007 में बसपा के झंडे तले चुनाव लड़ा।

हिमाचल के चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में बारिश व हिमपात की चेतावनी, मनाली में 3.4 डिग्री गिरा तापमान

शिमला। प्रदेश में बुधवार को बारालाचा, रोहतांग, कुंजुम सहित अटल टनल और सोलंगनाला में हिमपात हुआ है। शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए रहे। सुंदरनगर में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अटल टनल के दोनों ओर फोर बाय फोर वाहनों की आवाजाही जारी है।

चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में बारिश और हिमपात

मौसम विभाग ने वीरवार को चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में वर्षा व हिमपात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका भी जताई है। लोगों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। प्रदेश में निचले क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। हिमपात और बादलों के बीच अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में मनाली में सबसे अधिक 3.4 डिग्री की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। लाहुल स्पीति जिले की स्पीति घाटी के मुद गांव के समीप बुधवार को दो लोग हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया था। ग्रामीण मुद गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मुख्य स्रोत तक गए थे। इस दौरान अचानक हिमस्खलन हो गया। दो लोग इसकी चपेट में आ गए। 15 मिनट तक दोनों लोगों का कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने उनकी तलाश जारी रखी। कुछ देर बाद ग्रामीणों को बर्फ में दबे लोगों की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बर्फ को हटाया। लगभग पांच फीट बर्फ हटाने के बाद दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। मुद गांव के नंबरदार छेवांग ने बताया कि हिमस्खलन की चपेट में दो लोगों का बचना चमत्कार से कम नहीं है। गांववासी पेयजल समस्या से जूझ रहे थे। गांव की सभी टंकियां टूट गई थी। ग्रामीण मंगलवार को मुख्य स्रोत तक पहुंच तो गए, लेकिन वहां अनहोनी हो गई। भगवान की कृपा से दोनों सुरक्षित मिल गए हैं।

तोड़-फोड़ की घटना के बाद HRTC ने होशियारपुर के 10 रूटों पर मुल्तवी किया बसों का परिचालन

शिमला: पंजाब के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में तोड़-फोड़ के बाद सरकार ने इस मुद्दे पर पंजाब के सीएम भगवंत मान से चर्चा की है। भगवंत मान ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है। तोड़-फोड़ की घटना के बाद एचआरटीसी ने फिलहाल होशियारपुर के 10 रूटों पर बसों का परिचालन मुल्तवी कर दिया है। बुधवार को सिर्फ होशियारपुर के छह रूटों पर बसें गई। हालात सामान्य होने पर इन रूटों पर दोबारा बसों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में एक विशेष वक्तव्य के माध्यम से यह जानकारी देते हुए कहा कि स्थिति में सुधार और सुरक्षा की गारंटी मिलने के बाद इन रूटों को फिर से आरंभ कर दिया जाएगा। अग्निहोत्री ने कहा कि बसों को पंजाब में निशाना बनाए जाने के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पंजाब सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पंजाब में सभी महत्वपूर्ण बस अड्डों पर स्थिति पर नजर रखने के लिए निगम के अधिकारियों को तैनात कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों ही राज्यों की बसें एक दूसरे राज्य में परस्पर सहयोग से आती है और यह दोनों की राज्यों का जिम्मा है कि वह इन बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने माना कि सोशल मीडिया पर एक-दूसरे राज्य के लोगों के प्रति निरादर के वीडियो की बाढ़ सी आ गई है, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते रोज खरड़ फ्लाईओवर पर एचआरटीसी की एक बस को बिना नंबर की कार से रोका गया और उसे शीशे तोड.दिए गए। इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई है।

आज का राशिफल 20 मार्च 2025 : मेष, कर्क और कुंभ सहित कई राशियों को मिल रहा है आज शुभ योग का लाभ, जानें आज का भविष्यफल

Aaj Ka Rashifal 20 march 2025 : 20 मार्च का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मेष, कर्क और कुंभ सहित कई राशियों के लिए शुभ रहने वाला है। चंद्रमा का गोचर आज वृश्चिक राशि में अनुराधा नक्षत्र से हो रहा है। और चंद्रमा पर गुरु की दृष्टि होने से चंद्राधि सहित कई शुभ योग भी बन रहे हैं जिससे आज का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, जानने के लिए देखें आज का राशिफल।

​मेष राशि, पैतृक संपत्ति से मिल सकता है लाभ

मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आप मधुर वाणी और व्यवहार की बदौलत सम्मान हासिल करेंगे। आज आप वाक्पटुता के दम पर लोगों को आकर्षित करने में कामयाब रहेंगे। आपके मित्र बढ़ेंगे, जिनकी वजह से आपको आने वाले समय में फायदा हो सकता है। कारोबार में आज काम का बोझ ज्यादा रहेगा। किसी यात्रा का विचार बना रहे हैं तो थोड़ा इंतजार करना ज्यादा उचित रहेगा। आज नौकरीपेशा जातक अपनी सूझबूझ के दम पर आसानी से काम पूरे कर लेंगे। आज आपको पैतृक संपत्ति से फायदा मिलने के आसार हैं। सरकारी योजनाओं में लाभ मिल सकता है।

आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। जरूरतमंद लोगों की मदद करें।

​वृषभ राशि, छोटे व्यापारियों को हो सकता है लाभ

वृषभ राशि के लोगों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। आज नौकरीपेशा जातकों पर काम की जिम्मेदारी अधिक होगी। आज आप समय का प्रबंधन करते हुए काम को निपटाएं वरना आपका कार्य अधूरा रह सकता है। इस वजह से आपका मन निराश हो सकता है। बिना संकोच करते हुए सहकर्मी से मदद मांग सकते हैं। आज सीमित स्तर पर कारोबार करने वालों को मनचाहा लाभ हो सकता है। आज आपको अपनी सेहत का खास ख्याल रखना होगा।

आज भाग्य 80% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान विष्णु की 108 बार माला का जप करें।

​मिथुन राशि, अटका काम आज हो सकता है पूरा

मिथुन राशि के जातकों को आज अपने खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। आज शान-शौकत और मनोरंजन में आपका अधिक खर्च हो सकता है। हालांकि आप आज अपने ऊपर चढ़े कर्ज को भी काफी हद तक उतारने में सफल होंगे। इससे आपको राहत महसूस होगी। आज आप तनाव से दूर रहेंगे। परिवार में अच्छा माहौल रहेगा। कारोबार में आपका कोई लंबे समय से अटका काम पूरा हो सकता है। माता-पिता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें।

आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। माता पार्वती या उमा की पूजा करें।

​कर्क राशि, कारोबार में मिलेंगे नए मौके

कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। कारोबार में आज आपको नए मौके मिलेंगे, जिनकी मदद से आप बेहतर लाभ अर्जित कर सकते हैं। वहीं परिवार में भाई-बहनों के साथ मधुर व्यवहार रखें। बातचीत के दौरान संयम रखें, वरना मनमुटाव हो सकता है। अगर भविष्य को लेकर संशय में हैं तो पिताजी से बात करें। आपको कुछ स्पष्टता मिलेगी। आज आप परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर जा सकते हैं।

आज भाग्य 90% आपके पक्ष में रहेगा। योग प्राणायाम का अभ्यास करें।

​सिंह राशि, करियर से जुड़ा अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है

सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिश्रित रहने वाला है। अगर आप कारोबार को विस्तार देने की योजना बना रहे हैं तो आप कर्ज आदि ले सकते हैं। हालांकि नए निवेश से पहले अच्छे से रणनीति बना लें। निजी क्षेत्र में काम करने वालों को आज करियर को नई ऊंचाई देने का अवसर मिल सकता है। आज आपको नया प्रस्ताव मिल सकता है। जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। ससुराल से फायदा मिल सकता है।

आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। ब्राह्मण को दान करें।

कन्या राशि, अहम कार्यों को टालने से बचें

आज कन्या राशि के जातकों को थोड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। कारोबार में आज आपको कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल सकती है। आपको निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि आप सूझबूझ के दम पर अपने व्यवसाय को फायदा पहुंचा सकते हैं। आज महत्वपूर्ण कार्यों को टालने से बचें। पिता की सेहत का ध्यान रखें। संतान की तरफ से आपको खुशखबरी मिल सकती है।

आज भाग्य 87% आपके पक्ष में रहेगा। चंदन का तिलक लगाएं।

​तुला राशि, पारिवारिक वजहों से मन हो सकता है व्यथित

तुला राशि के जातकों के लिए कारोबार के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहने वाला है। लेकिन, परिवार के किसी सदस्य का व्यवहार आज आपको व्यथित कर सकता है। वहीं संतान की तरफ से भी आज आपको चिंता मिल सकती है। हालांकि तनाव लेने से बचें, पारिवारिक मुद्दों पर बड़े-बुजुर्गों से बातचीत कर सकते हैं। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। सेहत को लेकर लापरवाही न बरतें।

आज भाग्य 60% आपके पक्ष में रहेगा। पीपल पर दूध मिश्रित पानी चढ़ाएं।

वृश्चिक राशि, कारोबार में रहेगी व्यस्तता

वृश्चिक राशि के जातक आज कारोबार में काफी व्यस्त रह सकते हैं। आप किसी प्रोजेक्ट में अपना समय और ऊर्जा लगाएंगे। इस वजह से आप परिवार पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। लेकिन, अगर आपने माता से कोई वादा किया था तो उसे पूरा करें, वरना आपको उनकी नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। वहीं जीवनसाथी के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है इसलिए चुप रहना ज्यादा बेहतर है।

आज भाग्य 71% आपके पक्ष में रहेगा। गायत्री चालीसा का पाठ करें।

धनु राशि, जीवनसाथी से मिल सकती है खुशखबरी

धनु राशि के जातकों को आज परिवार में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन आप इनका सामना करते हुए कोई न कोई समाधान निकाल लेंगे। आज आप बातचीत के दौरान सोच-समझकर शब्दों का इस्तेमाल करें। वहीं जीवनसाथी की तरफ से कोई खुशखबरी मिल सकती है, जिससे आपका मन प्रसन्न होगा। सेहत का ध्यान रखना होगा। फास्ट फूड और अधिक तला-भुना खाना खाने से बचें।

आज भाग्य 79% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान विष्णुजी की आराधना करें।

मकर राशि, जीवनसाथी के साथ संयमित रहें

मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आज आप पढ़ाई में आ रहीं दिक्कतों का किसी न किसी की मदद से समाधान निकालने में सफल रहेंगे। राजनीति के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने की सोच रहे युवाओं को किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेना ज्यादा ठीक रहेगा। जीवनसाथी के साथ कहासुनी हो सकती है इसलिए संयम बरतें।

आज भाग्य 83% आपके पक्ष में रहेगा। हनुमान जी को सिंदूर भेंट करें।

कुंभ राशि, नई संपत्ति या वाहन सुख मिल सकता है

कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपको माता-पिता के आशीर्वाद से नई संपत्ति या वाहन मिल सकता है। कारोबार के लिहाज से दिन ठीक बीतेगा। आज आपके व्यापार में चीजें इस तरह मोड़ लेंगी कि वो आपको आने वाले समय में फायदा दिला सकती हैं। परिवार में माहौल अच्छा रहेगा। शाम के समय जीवनसाथी और बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्वक समय व्यतीत कर सकते हैं।

आज भाग्य 89% आपके पक्ष में रहेगा। मछलियों को आटे की गोलियां खिलाएं।

​मीन राशि, परिवार में करें संयमित व्यवहार

मीन राशि के जातकों को आज परिवार में संयमित व्यवहार करना होगा। अगर आप किसी की बाद से सहमत नहीं हैं तो अपशब्दों का इस्तेमाल न करें। इससे रिश्तों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं समाजसेवा से जुड़े लोगों के पास आज अच्छे मौके आ सकते हैं। अगर आप अपने बच्चों के भविष्य के लिए निवेश करनी की योजना बना रहे हैं तो जीवनसाथी से भी राय मशविरा करें। सेहत का ध्यान रखें।

आज भाग्य 74% आपके पक्ष में रहेगा। माता सरस्वती की पूजा करें।