बी.एल सेंट्रल पब्लिक स्कूल मे पारितोषिक वितरण कार्यक्रम…

सोलन: आज बी.एल स्कूल माॅल मे पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आरंभ मुख्यातिथि डाॅ○कमल प्रीत कौर जी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया।

स्कूल मे आए कक्षा पहली से बारहवीं तक के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। स्कूल प्रधानाचार्या श्रीमती रुचिका ने स्कूल रिपोर्ट पढ़ी। मुख्य अतिथि ने सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और कार्यक्रम की सराहना की। स्कूल प्रबंधक श्रीमती वीना बक्शी जी ने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

हिमाचली हथकरघा उत्पादों के व्यापार में ब्रिटेन से सहयोग पर चर्चा…

शिमला : चंडीगढ़ स्थित ब्रिटिश उप-उच्चायुक्त कैरोलिन रोवेट के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने यहां उद्योग, आयुष व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान से भेंट की। इस दौरान हिमाचल एवं ब्रिटेन के मध्य व्यापार निवेश के प्रोत्साहन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बैठक में विशेष तौर पर हथकरघा उद्योग से संबंधित चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में हिमाचल के समान मौसम एवं जलवायु के दृष्टिगत वहां प्रदेश में तैयार हथकरघा उत्पादों के लिए बेहतर बाजार विकसित हो सकता है। उन्होंने इस संदर्भ में उप-उच्चायुक्त से ब्रिटेन में एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने में सहयोग का आग्रह किया गया। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों के साथ ही भुट्टिको जैसे प्रीमियम ब्रांड से जुड़े सदस्य शामिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कुल्लू में स्थित आरआर एग्रो लिमिटेड को भूमि आवंटन की दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके उत्पादों की ब्रिटेन में भारी मांग है और वहां की एक कम्पनी भी कुल्लू में नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने में निवेश कर रही है। इससे क्षेत्र में रोज़गार के अतिरिक्त अवसर भी सृजित हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि शराब एवं वाइन क्षेत्र में भी प्रदेश विदेशी निवेश आमंत्रित कर रहा है। राज्य सरकार ने हाल ही में स्कॉटलैंड की एक कम्पनी इयान मैकलियोड की 50.80 करोड़ रुपये की निवेश वाली एक परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इससे 77 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। कंपनी को ऊना जिला के औद्योगिक क्षेत्र पंडोगा में अत्याधुनिक माल्ट डिस्टीलरी प्लांट स्थापित करने के लिए नवम्बर, 2021 में 43,700 वर्गमीटर भूमि भी आवंटित की गई है। कंपनी द्वारा इस प्लांट की स्थापना के लिए अभी तक लगभग 40 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है।

बैठक में ब्रिटिश उप-उच्चायुक्त चंडीगढ़ के समन्वय से अगले वर्ष भारत एवं इंग्लैंड के मध्य धर्मशाला में प्रस्तावित क्रिकेट टेस्ट मैच के दौरान एक फैशन शो से संबंधित आयोजन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इससे हिमाचली हथकरघा उत्पादों एवं यहां की संस्कृति को प्रोत्साहन मिल सकेगा।

इस अवसर पर विधायक विनय कुमार, ब्रिटेन से शिष्टमंडल के डिप्टी हेड एवं वरिष्ठ इन्वार्ड निवेश सलाहकार अमनदीप ग्रेवाल, राजनीतिक, प्रेस एवं परियोजना सलाहकार राजेन्द्र एस नगरकोटी, व्यापार एवं निवेश सलाहकार प्रणीत वर्मा सहित निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति भी उपस्थित थे।

शहर में पार्किंग निर्माण मे दोनो राजनितीक दल नाकामयाब, मुकेश गुप्ता पूर्व प्रेस सहसचिव भाजपा सोलन…

सोलन : सोलन विधानसभा क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों की संख्या लगातार बढती जा रही है। पूर्व प्रधान व्यापार मंडल सोलन एवं पूर्व प्रेस सहसचिव मुकेश गुप्ता ने तंज कसते हुए कहा कि शहर में बड़ रही पार्किंग की समस्या की और दोनों राजनितीक दल की नजर ही नही पड रही है,या ऐसा माने की इच्छा शक्ति की कमी है। जिस अनुपात मे सोलन मे वाहनो की संख्या मे वृद्धि हुई है, उस अनुपात मे सोलन मे पार्किंग व्यवस्था नही बढाई गई है शहर मे हर दिन शहर के साथ साथ, साथ लगती पंचायतो व पर्यटकों के हजारो के हिसाब से वाहन शहर का रूख करते है पर इतने वाहनो के लिए किसी भी बड़ी पार्किंग का निर्माण शहर मे नही हो पाया है। आज भी शहर मे पार्किंग व्यवस्था वर्षो पुरानी ही है, जिसका खुमावजा वाहन मालिको को ही भुगतना पड़ता है। पार्किंग न होने के वजह से वाहन मालिकों को जगह देख कर छोटी छोटी पार्किंग से बहार वहान खडे करते है और यातायात व्यवस्था को सचारू रखने के लिए पुलिस को मजबुरी मे चलान करना पडता है। सोलन पुराना बस अड्डा पर बनने वाली बहुमंजिला पार्किग का परपोजल 25 साल से ज्यादा वक्त से कागजो मे ही रह गया है और रेलवे रोड के पास बनने वाली पार्किंग पर जनता के करोडो रूपए खर्च होने के बाद भी वह एक खंडर बन रहा है पार्किंग न होने से व्यापारीयों का व्यवसाय भी लगातार कम हो रहा है। मै हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पीडब्लूडी मंत्री विक्रमदित्य सिंह, सोलन के विधायक व स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, सांसद सुरेश कश्यप से मांग करता हूँ की सोलन की जनता व व्यपारी वर्ग के हित को देखते हुए सोलन मे लम्बित पडे पार्किंग के कार्यो को जल्द से जल्द पुरा करवाए क्योकी हर चुनावो मे सोलन मे पार्किंग बनाने का वादा कांग्रेस और भाजपा के चुनावी मैनिफैसटो मे जरूर होता है पर वो कागज में ही रह जाता है।

नागेश गुलेरिया ने जाइका प्रोजेक्ट के कार्यों को ग्रासरूट पर पहुंचाने के दिए निर्देश

बिलासपुर : जाइका वानिकी परियोजना के कार्यों को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने सभी फील्ड स्टाफ को दिशा-निर्देश जारी किए। एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने बिलासपुर के चार फॉरेस्ट रेंज अफसरों एवं टीम मेंबर्स को आगामी लक्ष्य तय किए। नागेश कुमार गुलेरिया ने सभी फील्ड टेक्निकल यूनिट्स को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में नर्सरियों को और सुदृढ़ करने की सख्त जरूरत है। मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने बिलासपुर सदर, स्वारघाट, घुमारवीं और झंडूता रेंज के अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की पूरी रिपोर्ट भी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में साल 2030 तक दो लाख हेक्टेयर वन भूमि पर पौधे लगाए जाएंगे। सरकार ने प्रदेश के 30 प्रतिशत भाग को वनों के अधीन लाने का लक्ष्य रखा है। साल 2030 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रति वर्ष 12 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर पौधरोपण किया जाना अपेक्षित है। इसके लिए अतिरिक्त वित्तीय स्रोत तलाशने होंगे।

नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि इस साल बरसात के दौरान 55 से अधिक प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उन्होंने इस दौरान कार्य करने वाले अधिकारियों के साथ-साथ फील्ड टीम की भी सराहना की। कार्यशाला के दौरान जाइका वानिकी एवं जैव विविधता विशेषज्ञ डा. सुशील काप्टा, सीसीएफ बिलासपुर अनिल शर्मा, डीएफओ हेड र्क्वाटर अरूवनी शर्मा, फील्ड तकनीकी अधिकारी, ब्लॉक अधिकारी, वन रक्षक, विषय वस्तु विशेषज्ञ समेत फील्ड कोऑर्डिनेटर उपस्थित थे।

कभी ऑफिस में थे क्लर्क, पेट भर जाए मिलती थी इतनी पगार, अब बांटते लाखों रुपये सैलरी, 57,000 करोड़ का कारोबार

Success Story: देश और दुनिया में कामयाब लोगों से जुड़ी कई कहानियां हैं. इन सारी कहानियों में कुछ ना कुछ खास है जो युवा उद्यमियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. हम आपको एक ऐसे शख्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे अपने बिजनेस का कोई ज्ञान और अनुभव नहीं था लेकिन फिर उसमें हाथ आजमाया और बड़ी सफलता पाई. हम बात कर रहे हैं हैदराबाद स्थित बिजनेसमैन पीवी रामप्रसाद रेड्डी की. आप में से कई लोगों ने इनके बारे में नहीं सुना होगा. फार्मा टाइकून के नाम से जाने जाने वाले पी वी रामप्रसाद आज 21,600 करोड़ रुपये ($ 2.6 बिलियन) से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं. ऑफिस क्लर्क के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाले रामप्रसाद आखिर इस आला मकाम तक कैसे पहुंचे, आइये आपको बताते हैं इनकी सक्सेस स्टोरी.

बिना अनुभव के उतरे बिजनेस में
देश की दिग्गज फार्मा कंपनी अरबिंदो फार्मा के फाउंडर पीवी रामप्रसाद रेड्डी की सफलता की कहानी बेहद दिलचस्प है. क्योंकि, उन्होंने जिस बिजनेस को शुरू किया उसके बारे में उन्हें कोई नॉलेज नहीं था. आमतौर पर मेडिकल और फार्मा जैसे प्रोफेशन में साइंस बैकग्राउंड वाले लोग ही सफल होते हैं. लेकिन, पीवी रामप्रसाद ने इस बात को गलत साबित कर दिया।
फार्मा कंपनी में रहे क्लर्क
पीवी रामप्रसाद ने वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ समय तक पीवी रामप्रसाद ने विभिन्न कंपनियों में काम किया. इसके बाद वे केमिकल का बिजनेस करने लगे. अपने बिजनेस पार्टनर नित्यानंद के साथ पीवी रामप्रसाद रेड्डी ने 1986 में पांडिचेरी में अरबिंदो फार्मा की शुरुआत की. दरअसल नित्यानंद के पास इस सेक्टर में काम करने का अनुभव था. दरअसल पीवी रामप्रसाद रेड्डी, एक समय फार्म कंपनी में क्लर्क थे. बस यहीं से उन्हें फार्मा सेक्टर में काम करने का हौसला मिला।
1986 में अरबिंदो फार्मा की शुरुआत के बाद महज 9 साल बाद 1995 में पीवी रामप्रसाद रेड्डी ने कंपनी को सार्वजनिक कर दिया. खास बात है कि दवा निर्माण के लिए जरूरी एपीआई पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, अरबिंदो ने फॉर्मूलेशन में अपनी जगह बनाई और जेनेरिक दवा निर्माण की दिग्गज कंपनी बन गई. अरबिंदो फार्मा आज कार्डियोवस्कुलर, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिकल, एंटी-डायबिटिक और एंटी-रेट्रोवायरल दवाओं में अव्वल है. इसका लगभग तीन-चौथाई राजस्व यूरोप और अमेरिका में व्यापार से आता है. डीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, लिस्टेड फर्म अरबिंदो फार्मा का मार्केट कैप फिलहाल 57,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

Uttarkashi Tunnel Collapse: कब मिलेगी नई जिंदगी? टनल में 150 घंटे से अटकीं सांसें….

दिल्ली: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्थित निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बरकोट सुरंग (Uttarkashi Tunnel Collapse) के मलबे में फंसे 40 लोगों को अब भी नई जिंदगी मिलने का इंतजार है. सुरंग ढहने की वजह से मलबे में फंसे 40 मजदूर 150 घंटे से राहत की सांस का इंतजार कर रहे हैं, मगर अब तक कोई खास कामयाबी मिलती नहीं दिख रही है. उन सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें युद्ध स्तर पर जारी हैं, मगर बार-बार आ रही बाधाओं ने मुसीबत खड़ी कर दी है. दरअसल, सुरंग में फंसे 40 मजदूरों को बचाने के लिए एक बड़ी कवायद की जा रही है. कल शाम अचानक “खटखटाने की आवाज” सुनने के बाद बचाव अभियान रुक गया और ड्रिलिंग मशीन में खराबी आ गई. मगर अब वायु सेना सी-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान पर इंदौर से दूसरी मशीन ला रही है और इसके पहुंचते ही बोरिंग का काम फिर शुरू हो जाएगा.

अधिकारियों की मानें तो घटनास्थल पर दूसरा भारी ड्रिल भेजा जा रहा और सुबह तक इंदौर से आ रही इस मशीन से बोरिंग का काम फिर से शुरू होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इस नई मशीन से अच्छी खबर मिल सकती है. फिलहाल, उत्तरकाशी टनल में 24 मीटर तक बोरिंग कर मशीन लगाई गई है और अगले 30 से 35 मीटर तक अच्छी खबर मिल सकती है. करीब साठ मीटर पर मजदूरों के फंसे होने की संभावना है.

सूत्रों ने कहा कि एक और मशीन इंदौर से मंगाई गई है और इसके बाद ही बोरिंग काम फिर से शुरू होगा. अभी पाइप लाइन बिछाने का काम बाधित है. वहीं, टनल में मलबे की जियोफिजिकल स्टडी कराई जा रही है. दिल्ली से ऑपरेशन साइट पर साइंटिस्ट की टीम पहुंची है. मलबे में बड़े बोल्डर और मशीनों के दबे होने की आशंका है. ऐसे में जियोफिजिकल स्टडी से ही पूरी तस्वीर साफ होगी. आशंका यह भी जताई जा रही है कि बोरिंग के दौरान बोरिंग मशीन फिर खराब हो सकता है.

गौरतलब है कि सुरंग का एक हिस्सा धंसने के बाद रविवार सुबह से 40 मजदूर फंसे हुए हैं. अधिकारियों ने कहा कि सभी 40 मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें छेद में ड्रिल किए गए स्टील पाइप के माध्यम से भोजन और पानी की आपूर्ति की जा रही है. सुरंग में फंसे हुए श्रमिकों के परिवार भी अब दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं और वे उम्मीद खो रहे हैं. इनमें से एक मजदूर के भाई, जो हरिद्वार से आए हैं, ने कहा कि मजदूरों की तबीयत बिगड़ने से पहले उन्हें जल्दी से बचाया जाना चाहिए.

डॉक्टरों ने फंसे हुए श्रमिकों के लिए व्यापक पुनर्वास की आवश्यकता पर भी जोर दिया है. उन्हें डर है कि लंबे समय तक सुरंग के मलबे रहने से मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ेगी. बता दें कि 12 नवंबर को निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था, जिससे 40 श्रमिक मलबे में फंस गए. ड्रिलिंग के दौरान मलबा गिरने से उन तक पहुंचने के प्रयास धीमे हो गए हैं, क्योंकि बचाव दल लोगों को सुरक्षित रूप से रेंगने के लिए पाइप के माध्यम से धक्का देने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे. शुक्रवार शाम को बड़े पैमाने पर दरार की आवाज सुनाई देने के बाद ड्रिलिंग कार्य रोक दिया गया.

फिर पिता बने The Great Khali, बेटी के बाद अब पुत्र रत्न की प्राप्ति

नाहन : रेसलिंग की दुनिया के बेताज बादशाह व पूर्व विश्व चैंपियन द ग्रेट खली (world champion The Great Khali) के घर में एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। सिरमौर के बेटे द ग्रेट खली (The Great Khali) उर्फ दिलीप सिंह राणा एक बार फिर पिता बने हैं। खली की पत्नी हरमिंदर कौर ने बेटे को जन्म दिया है।  ग्रेट खली ने सोशल मीडिया (social media) के माध्यम से यह जानकारी साझा की है। नन्हे बच्चे को गोद में लेकर खली ने एक वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया। जिस पर उन्होंने लिखा कि आप सभी की दुआओं से उन्हें एक बार फिर पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह खबर मिलने के बाद सोशल मीडिया पर खली के प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे है।

पार्वती प्रोजेक्ट के पावर हाउस में जल रिसाव, मजदूरों ने भागकर बचाई जान…

कुल्लू : पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण दो के सिउण्ड स्थित पावर हाउस में जल रिसाव होने के कारण परियोजना को भारी नुकसान हुआ है।   जानकारी के अनुसार पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण दो के पावर हाउस सियुंड में शुक्रवार देर शाम अचानक जल रिसाव होने लगा। जिसके चलते पावर हाउस के स्टाफ में अफरा- तफरी मच गई। पानी रिसाव के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पावर हाउस की टनल से भारी मात्रा में पानी का बहाव फूटने से काम कर रहे दो दर्जन मजदूरों और कर्मचारियों ने भाग कर जान बचाई।    उधर, एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक निर्मल सिंह ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम को पावर हाउस भेजा गया है और पानी का बहाव रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सुंदरनगर में अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ

सुंदरनगर :  राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सुंदरनगर में शुक्रवार को अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव ठाकुर सोहनलाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। महाविद्यालय के प्राचार्य सहित स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर सोहन लाल ठाकुर ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल का भी जीवन में बड़ा महत्व है। खेल द्वारा बच्चों के मानसिक, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास होता है। खेलों से बच्चों के जीवन में सहयोग की भावना का विकास होता है।

बता दे कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 20 के करीब महाविद्यालय इस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता दो दिन तक चलेगी। आज की प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय रामपुर और राजकीय महाविद्यालय अम्ब के मध्य मैच हुआ जिसमें अम्ब महाविद्यालय विजेता रहा।

महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय नूरपुर और राजकीय महाविद्यालय सीमा के मध्य मैच हुआ जिसमें राजकीय महाविद्यालय सीमा विजेता रहा।

धर्मशाला में अमन की उड़ान ने ओवरआल चैंपियन के खिताब पर लिखा अपना नाम…

धर्मशाला : धर्मशाला के कस्बा नरवाणा में आयोजित पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप में अमन थापा ओवर आल चैंपियन रहे। जबकि अक्षय कुमार दूसरे स्थान तथा सुशांत ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे। प्रथम, द्वितीय तथा तीसरे स्थान पर रहने वालों को क्रमशः एक लाख पचास हजार, एक लाख तथा 75 हजार की नगद पुरस्कार तथा मेडल दिए गए। इसी तरह से इंडियन नेशनल स्पर्धा में अक्षय कुमार पहले, सुशांत ठाकुर दूसरे स्थान तथा योगराज तीसरे स्थान पर रहे इस वर्ग के विजेताओं 50 हजार, तीस हजार तथा बीस हजार की राशि नगद पुरस्कार तथा मेडल प्रदान किए गए। इसी तरह से महिला वर्ग में तरन्नुम पहले, सपना कुमारी दूसरे तथा पोलिन प्रीच तीसरे स्थान पर रहीं इस वर्ग में विजेताओं को क्रमशः पचास हजार, तीस हजार तथा बीस हजार का नगद पुरस्कार तथा मेडल प्रदान किए गए। टीम इवेंट में आकाश एडवेंचर पहले, एंटी ग्रेवटी दूसरे तथा आकाश एडवेंचर वन तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमश पचास हजार, तीस हजार तथा बीस हजार का नगद पुरस्कार तथा मेडल प्रदान किए गए।

चार दिवसीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप के समापन अवसर पर मुख्यातिथि विधायक सुधीर शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को थल, वायु के अतिरिक्त जल में भी बढ़ाने के लिये गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नरवाणा कस्बा में पैराग्लाइडिंग के लिये अधिक बेहतर सुविधाओं को सृजित किया जायेगा तथा ट्रेनिंग संस्थान भी खोला जाएगा ताकि युवाओं को पैराग्लाइडिंग के प्रति प्रेरित किया जा सके और ज्यादा से ज्यादा युवा रोजगार प्राप्त कर सकें।  विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की खूबसूरत वादियां एवं यहां की आबोहवा देश-विदेश से सैलानियों को वर्षभर आकर्षित करती रही हैं। इसके दृष्टिगत ट्रैकिंग, कैम्पिंग, पैराग्लाइडिंग तथा रिवर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को विशेष तौर पर बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में कस्बा नरवाणा में पैराग्लाइडिंग के वल्र्ड कप के आयोजन के लिए भी तमाम सुविधाएं नरवाण कस्बा में उपलब्ध करवाई जाएंगी इसके साथ ही टैक आफ साइट तक बेहतर सड़क सुविधा के लिए भी कार्य योजना तैयार की गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग यहां पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा सकें। इस अवसर पर नरवाण एडवेंचर क्लब के अध्यक्ष कपिल, एसडीएम धर्मेश रामोत्रा सहित सभी पदाधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।