लाइव हिमाचल/हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के तहत हमीरपुर में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) 27 अक्टूबर से शुरू होंगे। इस ग्राउंड टेस्ट में 6200 से अधिक अभ्यर्थियों के भाग लेने की संभावना है। भर्ती प्रक्रिया स्पोर्ट्स अथॉरिटी के सिंथेटिक ट्रैक पर आयोजित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी साझा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राउंड टेस्ट 27, 28, 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे, जबकि 29 अक्तूबर को अवकाश रहेगा। इसके अलावा 1 और 2 नवंबर को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी वैध कारण से निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाता है, तो वह जिला भर्ती समिति (DRC) के समक्ष आवेदन कर सकता है। ऐसे मामलों पर विचार करने के बाद पात्र अभ्यर्थी को रिजर्व डे में अवसर दिया जा सकता है।
HPPSC की वेबसाइट से डाउनलोड करें कॉल लेटर
अभ्यर्थियों के कॉल लेटर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) की आधिकारिक वेबसाइट www.hppsc.hp.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर कॉल लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। विभाग की ओर से ग्राउंड में कॉल लेटर उपलब्ध नहीं करवाए जाएंगे, इसलिए प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए इसे साथ लाना अनिवार्य होगा। कॉल लेटर में परीक्षा के दौरान साथ लाए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों और अन्य निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई है। अभ्यर्थियों को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है। किसी भी तरह की शंका होने पर अभ्यर्थी HPPSC की हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।
लड़कियों के लिए 800 मीटर, लड़कों के लिए 1500 मीटर दौड़
शारीरिक दक्षता परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 मीटर दौड़, हाई जंप, 100 मीटर दौड़ और ब्रॉड जंप निर्धारित किए गए हैं। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1500 मीटर दौड़ होगी, जबकि अन्य इवेंट समान रहेंगे। प्रत्येक इवेंट की समय-सीमा और क्वालिफिकेशन संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट और कॉल लेटर में उपलब्ध है। रिजल्ट पर आपत्ति होने पर उसी दिन करें आवेदन। यदि किसी अभ्यर्थी को ग्राउंड टेस्ट के परिणाम को लेकर कोई आपत्ति होती है, तो वह उसी दिन जिला भर्ती समिति के समक्ष लिखित रूप में अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी शिकायत रखने का अवसर मिलेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के तहत अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का पूरा अवसर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं रखी जाएगी और सभी चरणों की निगरानी निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के तहत अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का पूरा अवसर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।





