लाइव हिमाचल/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित ऐतिहासिक नूरपुर किले में विराजित श्री बृजराज स्वामी मंदिर देशभर के अन्य कृष्ण मंदिरों से बिल्कुल अनूठा है, क्योंकि यहाँ भगवान श्रीकृष्ण के साथ राधा जी की नहीं, बल्कि उनकी अनन्य भक्त मीरा बाई की प्रतिमा स्थापित है। इस अनोखे और पवित्र संगम के पीछे चित्तौड़गढ़ से जुड़ी एक बेहद दिलचस्प ऐतिहासिक कथा है। मान्यता है कि नूरपुर के राजा जगत सिंह जब चित्तौड़गढ़ गए थे, तब रात्रि विश्राम के दौरान उन्होंने एक मंदिर से संगीत और घुंघरुओं की आवाज़ सुनी, जहाँ एक महिला भगवान कृष्ण की प्रतिमा के समक्ष लीन होकर भजन व नृत्य कर रही थी। इस अलौकिक दृश्य से प्रभावित होकर राजपुरोहित की सलाह पर राजा जगत सिंह ने चित्तौड़गढ़ के राजा से वे प्रतिमाएं भेंटस्वरूप मांगीं। इसके बाद नूरपुर लौटकर राजा ने अपने ‘दरबार-ए-खास’ को ही मंदिर का रूप दे दिया और काले संगमरमर की श्रीकृष्ण प्रतिमा के साथ अष्टधातु की मीरा बाई की प्रतिमा स्थापित करवाई। आज यह ऐतिहासिक मंदिर धार्मिक आस्था के साथ राजसी इतिहास और अनन्य भक्ति का अद्भुत प्रतीक बन चुका है, जहाँ जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ता है।





