लाइव हिमाचल/मंडी: नेपाल में आई भीषण त्रासदी में जहां सैकड़ों जिंदगियां लील हो गईं, वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला (सुंदरनगर, मलोह गांव) के 50 वर्षीय ज्ञान सिंह मौत को मात देकर सकुशल स्वदेश लौट आए हैं। पिछले 30 वर्षों से पावर प्रोजेक्ट्स में कार्यरत ज्ञान सिंह नेपाल के एक प्रोजेक्ट में बतौर फोरमैन तैनात थे, जहां जलप्रलय के समय वे पावर हाउस में काम कर रहे थे। पानी का प्रचंड सैलाब आते ही उन्होंने करीब 100 लोगों के दल के साथ पहाड़ी की तरफ भागकर शरण ली और बिना उम्मीद गंवाए एक रात और दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया। आखिरकार नेपाली वायुसेना (आर्मी) ने हेलीकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ज्ञान सिंह सहित अधिकांश लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, उनके प्रोजेक्ट के 98 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें हिमाचल के ऊना जिले का एक युवक भी शामिल है, जबकि उनके साथ काम करने वाले मंडी और रामपुर के दो अन्य हिमाचली सुरक्षित लौट आए हैं। इधर, हादसे के बाद संपर्क टूटने से दहशत में जी रही ज्ञान सिंह की पत्नी कलावती और परिजनों ने दूसरे दिन फोन पर बात होने के बाद ही राहत की सांस ली।





