Home » Uncategorized » कोठों स्कूल में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नशा मुक्ति और करियर संबंधी जानकारी दी…

कोठों स्कूल में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नशा मुक्ति और करियर संबंधी जानकारी दी…

लाइव हिमाचल/सोलन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों में 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. टी.डी. वर्मा, प्रो. जी.डी. गुलाटी और डॉ. बी.एस. पंवार ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं वैज्ञानिक सोच (Scientific Temper) विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी बात को केवल सुनी-सुनाई जानकारी के आधार पर स्वीकार करने के बजाय तर्क, तथ्य और प्रमाण के आधार पर समझने का प्रयास करना चाहिए। वहीं कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्ति को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के माध्यम से भविष्य में उपलब्ध विभिन्न शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुसार करियर का चयन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।  इस दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *