लाइव हिमाचल/बिलासपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राज्य में लॉटरी व्यवस्था शुरू करने के फैसले पर कांग्रेस सरकार को सख्त कटघरे में खड़ा किया है। बिलासपुर प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए हिमाचल की सीधी-साधी जनता को ठगने का यह नया पैंतरा अपना रही है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य में भाजपा कार्यकाल के दौरान लॉटरी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी, जिसे अब कांग्रेस सरकार दोबारा चालू करने की फिराक में है। अनुराग ठाकुर ने तंज कसा कि चुनाव में 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाली सरकार रोजगार तो दे नहीं पाई, उल्टा अब लॉटरी का झांसा देकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने सचेत किया कि इस व्यवस्था से कई हंसते-खेलते परिवार आर्थिक तबाही की कगार पर पहुंच जाएंगे और जनता की गाढ़ी कमाई दांव पर लग जाएगी। सरकार की इस नीति का कड़ा मुकाबला करने के लिए भाजपा अब पंचायत स्तर तक मोर्चा खोलेगी। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को लॉटरी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। अनुराग ठाकुर ने साफ किया कि भाजपा राज्य की जनता के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और उन्हें इस तरह की लूट का शिकार नहीं बनने देगी।





