Home » Uncategorized » हरियाणा रोडवेज बस में डिब्बे में जिंदा कछुआ ले जा रही महिला गिरफ्तार, FIR दर्ज…

हरियाणा रोडवेज बस में डिब्बे में जिंदा कछुआ ले जा रही महिला गिरफ्तार, FIR दर्ज…

लाइव हिमाचल/ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां हरियाणा रोडवेज की बस में डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ लेकर सफर कर रही एक महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह बस दिल्ली से बैजनाथ की ओर जा रही थी। 30 अगस्त की देर रात करीब 1:30 बजे जब बस अंब स्थित गौतम ढाबे पर रुकी, तो महिला हाथ में डिब्बा लेकर नीचे उतरी। बस चालक सुधीर कुमार की नजर जब उस डिब्बे पर पड़ी और उसे खुलवाया गया, तो उसके अंदर एक जिंदा कछुआ मौजूद था। चालक द्वारा कछुए को ले जाने से संबंधित दस्तावेज या अनुमति पत्र मांगने पर महिला कोई भी कागजात पेश नहीं कर सकी, जिसके बाद चालक ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कछुए को कब्जे में लेकर महिला को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि वह इस कछुए को धर्मशाला के एक धार्मिक गुरु को भेंट करने के उद्देश्य से ले जा रही थी। हालांकि, बिना किसी वैध अनुमति के वन्यजीव को ले जाने के कारण पुलिस ने महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस गहनता से जांच में जुटी है कि महिला के पास यह कछुआ कहां से आया और क्या इसके पीछे तस्करी का कोई अन्य मकसद तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *