Home » Uncategorized » सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में जाना तीन BJP सांसदों को पड़ा भारी, नितिन नवीन ने लगाई फटकार

सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में जाना तीन BJP सांसदों को पड़ा भारी, नितिन नवीन ने लगाई फटकार

नेशनल डेस्क: 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी दिवंगत कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पर भारतीय जनता पार्टी के तीन सांसदों को भारी नाराजगी का सामना करना पड़ा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी सांसद कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को इस कदम के लिए कड़ी फटकार लगाई है। तीनों सांसद बीते दिन इस शोक सभा में पहुंचे थे, जिसके बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सिख दंगा पीड़ितों के वकील एच.एस. फुल्का ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर तीनों नेताओं की तीखी निंदा की और उनके सामाजिक बहिष्कार की मांग की। फुल्का ने कहा कि बीजेपी सांसदों को किसी हत्यारे के घर शोक जताने जाने के बजाय पीड़ितों और उनके पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी, जो आज भी उस खौफनाक मंजर को झेल रहे हैं। दूसरी ओर, सज्जन कुमार को कथित तौर पर रोल मॉडल बताए जाने के मामले में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर हुड्डा के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और उन्हें कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से बाहर करने की मांग की है। आम जनता के साथ-साथ खुद कांग्रेस पार्टी के भीतर से भी इस बयान को लेकर विरोध के सुर उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *