Home » Uncategorized » हिमाचल विधानसभा में ज़बरदस्त हंगामा: हाथों में सूटकेस लेकर पहुंचे विपक्षी विधायक, ‘भ्रष्ट सरकार’ के लगाए नारे

हिमाचल विधानसभा में ज़बरदस्त हंगामा: हाथों में सूटकेस लेकर पहुंचे विपक्षी विधायक, ‘भ्रष्ट सरकार’ के लगाए नारे

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज फिर से भारी हंगामे और सियासी तपिश के पूरे आसार बने हुए हैं। पिछले दो दिनों से सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच चल रही तीखी बयानबाजी के बाद, आज दोपहर 2 बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू होगी तो विपक्ष पूरी तैयारी के साथ सरकार को घेरने के मूड में है। आज की कार्यवाही में 56 अहम सवालों को सूचीबद्ध किया गया है, जो सरकारी विभागों के कामकाज और विभिन्न क्षेत्रों के विकास कार्यों से जुड़े हैं। हालांकि, चर्चा का सबसे संवेदनशील केंद्र बिंदु राज्य के विभिन्न विभागों में खाली पड़े सरकारी पदों का मुद्दा रहने वाला है, जिसे लेकर विपक्ष आक्रामक रुख अपनाने की रणनीति बना चुका है। सदन की कार्यवाही के दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल और गहरा गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर लगे राष्ट्रगान के अपमान के तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से सदन की वीडियो रिकॉर्डिंग और क्लिपिंग सौंपने की मांग की, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। इसके जवाब में संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नियमों का हवाला देते हुए विपक्ष पर कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया, वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत में कोई भेद नहीं करती। सदन के भीतर जारी इस तीखी नोकझोंक के बीच, विधानसभा परिसर के बाहर विपक्षी विधायकों ने हाथों में सूटकेस लेकर प्रदर्शन किया और ‘सूटकेस वाली भ्रष्ट सरकार’ के नारे लगाते हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *