लाइव हिमाचल/सोलन: नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 4 को जल्द ही खेल, मनोरंजन और सौंदर्यीकरण की नई सौगातें मिलने जा रही हैं। वार्ड पार्षद रोहित भारद्वाज ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (PD) से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में टेबल टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट और चेस जैसी सुविधाओं से लैस एक आधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स क्लब विकसित करने तथा बुजुर्गों के बैठने की अलग व्यवस्था का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। इसके अलावा, सालोगड़ा बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण, पार्कों के निर्माण और दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग करवाने पर भी सहमति बनी है। पार्षद रोहित भारद्वाज ने दोहराया कि स्थानीय लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए वार्ड नंबर 4 को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाना उनका मुख्य संकल्प है।





