लाइव हिमाचल/सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने पर्वतीय कृषि और वानिकी को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी अनुसंधान एवं विस्तार रोडमैप तैयार किया है। कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा की अध्यक्षता में आयोजित 28वीं अनुसंधान परिषद और 26वीं विस्तार परिषद की बैठकों में इस योजना पर गहन मंथन किया गया। इस रोडमैप का मुख्य ध्यान किसान-केंद्रित तकनीकों, जलवायु-सक्षम बागवानी, डिजिटल विस्तार, फसल विविधीकरण (जैसे एवोकाडो, कीवी, बेरीज और ड्रैगन फ्रूट), तथा ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहलों पर केंद्रित है। विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए निदेशक विस्तार डॉ. डी.पी. शर्मा ने बताया कि पिछले 10 महीनों में 33,000 से अधिक किसानों तक प्रशिक्षण और डिजिटल माध्यमों से पहुंच बनाई गई है, जबकि निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य ने बताया कि इसी अवधि में 11.58 करोड़ रुपये लागत के 29 नए अनुसंधान प्रोजेक्ट हासिल किए गए हैं। कुलपति प्रो. बवेजा ने जोर दिया कि अनुसंधान का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान करना, नवाचारों को पेटेंट कराना और तकनीकों का सीधा लाभ समाज तक पहुंचाना है। बैठक में विभागीय अधिकारियों, वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों ने पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन, मूल्य संवर्धन और AI-आधारित कृषि निदान जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाने पर सहमति जताई।अनुसंधान परिषद की बैठक में प्रगतिशील किसान सुरेंद्र सिंह मेहता, मनोज नेगी, प्रमोद सिंह पठानिया, डॉ. सुमन रत्तन एवं भूरा सिंह, जबकि विस्तार परिषद की बैठक में लछिया राम एवं राजेश कुमार ने भाग लिया। बैठकों में कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के डॉ. बी.एन. सिन्हा एवं डॉ. एन.डी. नेगी, अतिरिक्त निदेशक कृषि डॉ. नीति सोनी, वन संरक्षक सोलन एन.पी. बरोट, उप निदेशक बागवानी सोलन डॉ. शिवाली ठाकुर एवं डॉ. देवेंद्र अत्री तथा डीएफओ सोलन प्रदीप कुमार चौहान सहित अन्य अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया।





