लाइव हिमाचल/कसौली/हेमेंद्र कंवर : भारतीय जनता पार्टी कसौली मंडल की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक आज, 6 अगस्त को चामियां पंचायत के ऐतिहासिक चौंरी धारा वाला मंदिर (चामियां) परिसर में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, जिला सोलन के प्रभारी राजपाल, सह-प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज और शिमला पार्लियामेंट्री के पूर्णकालिक विस्तारक अक्षय भरमौरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके की गई। इस बैठक में कसौली मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मी दत्त अत्री, मंडल महामंत्री आनंद किशोर व सुरेंद्र ठाकुर, महिला जिला अध्यक्षा दर्पणा, उपाध्यक्ष जिला परिषद पंकज शर्मा और विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और कर्मठ कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मासिक बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करना रहा। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का असली बल उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। डॉ. सैजल ने स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए अभी से कमर कसने को कहा। जिला सोलन के प्रभारी राजपाल और सह-प्रभारी संदीपनी भारद्वाज ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ स्तर पर सामंजस्य बिठाकर ही संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। शिमला पार्लियामेंट्री के पूर्णकालिक विस्तारक अक्षय भरमौरी ने भी संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और मंडल के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए। बैठक के अंत में स्थानीय जनता की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित समाधान के लिए रणनीति बनाई गई।





