लाइव हिमाचल/कुल्लू: देवभूमि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिलासपुर में पति-पत्नी को नशीला खाना देकर महिला से अपराध का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब कुल्लू जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक पर युवती को अपनी हवस का शिकार बनाने और लंबे समय तक उसका यौन शोषण करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर कुल्लू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वर्तमान में 18 वर्ष की हो चुकी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुल्लू जिले के अरसू गांव का रहने वाला प्रवीण कुमार पुत्र लायक राम काफी समय से उसका शोषण कर रहा था। पीड़िता के अनुसार, बीते वर्ष जुलाई और अगस्त के महीनों में जब वह नाबालिग थी, तब आरोपी उसे धोखे से एक कैफे में ले गया और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद इस साल जनवरी और फरवरी के महीनों में भी आरोपी ने डरा-धमकाकर उसके साथ बार-बार गलत काम किया। आरोपी की लगातार धमकियों से सहमी पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी बात बताई और पुलिस में मामला दर्ज करवाया। क्योंकि अपराध के वक्त पीड़िता की उम्र 18 साल से कम थी, इसलिए कुल्लू पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी प्रवीण कुमार के खिलाफ दुष्कर्म के साथ-साथ पोक्सो (POCSO) एक्ट की सख्त धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर जांच तेज़ कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।





