Home » Uncategorized » पर्यावरण संरक्षण का संदेश: जिला सोलन पत्रकार संघ ने नेचर रिट्रीट की पहाड़ी पर किया पौधारोपण…

पर्यावरण संरक्षण का संदेश: जिला सोलन पत्रकार संघ ने नेचर रिट्रीट की पहाड़ी पर किया पौधारोपण…

लाइव हिमाचल/सोलन: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए जिला सोलन पत्रकार संघ ने शनिवार को शहर से लगभग 7 किलोमीटर दूर नेचर ट्रीट की पहाड़ी पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पहाड़ी क्षेत्र में 50 से अधिक फलदार पौधे रोपे और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। इस कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब 12 बजे जिला सोलन पत्रकार संघ के सदस्य नेचर रिट्रीट पहुंचे। इसके बाद सभी पत्रकारों ने मिलकर पहाड़ी क्षेत्र में अनार, खड़क, आवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वन विभाग के बीट गार्ड अनिल जस्टा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने पौधरोपण में पत्रकारों का सहयोग किया तथा इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने पौधों की उचित देखभाल और उनके संरक्षण के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। जिला सोलन पत्रकार संघ के प्रधान पुनीत वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए रेंजर ऑफिसर धर्मपुर नीलम ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज़ उठाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करते हैं। दैनिक कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण के लिए समय निकालना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाकर जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। पत्रकार संघ समय-समय पर इस स्थल का दौरा कर लगाए गए पौधों की स्थिति का जायजा लेगा और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। पुनीत वर्मा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। यदि आज पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से भी पौधरोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की। पत्रकार संघ की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति की रक्षा केवल सरकारी योजनाओं से नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता और जिम्मेदारी से ही संभव है।

यह पत्रकार रहे मौजूद
पवन ठाकुर, रीता ठाकुर, मोहन चौहान, अमित चोपड़ा, अमर प्रीत पुंज, अशोक वर्धन, वेद आर्या, हेमंत अत्रि, कविराज चौहान, कमलेश कुमार, विवेक भारती, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, सतीश दीपटा, सुनील कुमार, करण ठाकुर, राजेश राज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *