लाइव हिमाचल/सोलन: राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना यानी एनएसएस (NSS) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्वयंसेवक नामांकन अभियान और माई भारत (MY Bharat) पोर्टल जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल की अध्यक्षता में शुरू हुए इस कार्यक्रम में चयन प्रक्रिया के बाद 150 नए विद्यार्थियों का एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में चयन किया गया, जबकि 70 से अधिक विद्यार्थियों ने मौके पर ही भारत सरकार के माई भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए इस समागम में पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. जगदेव चंद शर्मा और प्रो. पल्लवी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर विदाई भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान माई भारत मेगा ट्रेनर एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज चांडक ने विद्यार्थियों को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इस विशेष पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माई भारत पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, इंटर्नशिप, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और रक्तदान जैसी राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। साथ ही उन्होंने एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर, प्री-आरडी और नेशनल इंटीग्रेशन कैंप जैसे अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि एनएसएस केवल समाज सेवा ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी एक बेहतरीन जरिया है। अपने अध्यक्षीय भाषण में महाविद्यालय की प्राचार्या और एनएसएस संरक्षक डॉ. सुनीता गोयल ने एनएसएस के ध्येय वाक्य ‘Not Me But You’ पर जोर देते हुए युवाओं से निःस्वार्थ सेवा और अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नव-नामांकित एनएसएस स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लिया।





