Home » Uncategorized » उद्योग मंत्री ने खुद खोली बैकडोर भर्ती की पोल, अब किस मुंह से मांग रहे सबूत : राकेश जमवाल

उद्योग मंत्री ने खुद खोली बैकडोर भर्ती की पोल, अब किस मुंह से मांग रहे सबूत : राकेश जमवाल

मंडी : भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा से भ्रष्टाचार के सबूत मांगने से पहले मंत्री अपने उस बयान का जवाब दें, जिसमें उन्होंने अपनी सिफारिश से 700 लोगों को रोजगार दिलाने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि यदि यह दावा सही है तो यह प्रदेश में बैकडोर भर्ती का सबसे बड़ा उदाहरण है। जमवाल ने सवाल उठाया कि 700 लोगों को किस नियम, प्रक्रिया और चयन प्रणाली के तहत नौकरी मिली। यदि नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर हुईं, तो मंत्री व्यक्तिगत सिफारिश का श्रेय क्यों ले रहे हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक ओर बैकडोर भर्ती का विरोध करते हैं, जबकि उनके मंत्री स्वयं सिफारिशी रोजगार देने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पारदर्शी भर्ती का वादा कर नया चयन आयोग बनाया, लेकिन अब मंत्री ही सिफारिशी नियुक्तियों का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हर वर्ष एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन साढ़े तीन साल बाद भी युवा भर्ती प्रक्रियाओं का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *