Home » Uncategorized » सगी मां ही निकली कोख की सौदागर: 40 हजार रुपये महीने के लालच में मासूम को धकेला था जिस्मफरोशी के दलदल में, कुल्लू अदालत का ऐतिहासिक फैसला…

सगी मां ही निकली कोख की सौदागर: 40 हजार रुपये महीने के लालच में मासूम को धकेला था जिस्मफरोशी के दलदल में, कुल्लू अदालत का ऐतिहासिक फैसला…

लाइव हिमाचल/कुल्लू: देवभूमि हिमाचल के कुल्लू से आई एक ऐसी खबर बताने जा रहे हैं, जो रिश्तों पर से आपका भरोसा उठा देगी। एक मां को बच्चे के लिए भगवान का रूप माना जाता है, लेकिन जब वही मां अपनी ही मासूम बेटी की सौदागर बन जाए, तो मानवता शर्मसार हो जाती है। कुल्लू के विशेष न्यायाधीश प्रकाश चंद राणा की अदालत ने नाबालिग से दुराचार, मानव तस्करी और जबरन वेश्यावृत्ति के एक बेहद घिनौने मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने इस काली करतूत में शामिल तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10-10 साल के कड़े कारावास और भारी जुर्माने की सजा सुनाई है। सबसे ज्यादा दिल दहला देने वाली बात यह है कि सजा पाने वाले इन दरिंदों में पीड़ित बच्ची की सगी मां भी शामिल है, जिसने चंद रुपयों के लालच में अपनी ही कोख का सौदा कर दिया था। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी मुख्य आरोपी शिव शंकर उर्फ सिकंदर, हरियाणा के करनाल निवासी नितिन जैन उर्फ मन्नू और पीड़िता की कलयुगी मां को भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में दोषी पाया। अदालत ने मुख्य आरोपी शिव शंकर और नितिन जैन को आपराधिक साजिश रचने, अनैतिक व्यापार और डराने-धमकाने के जुर्म में 10-10 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। वहीं, अपनी ही फूल जैसी बच्ची को वेश्यावृत्ति के दलदल में धकेलने के जुर्म में मां को भी अदालत ने कतई रहम नहीं दिखाया और उसे भी 10 साल के सश्रम कारावास की सजा देकर सलाखों के पीछे भेज दिया। अदालत ने साफ किया है कि यदि दोषियों ने जुर्माने की राशि अदा नहीं की, तो उन्हें अतिरिक्त कैद काटनी होगी। जिला न्यायवादी कुलभूषण गौतम ने मामले की रोंगटे खड़े करने वाली पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि इस खौफनाक सिंडिकेट का पर्दाफाश 29 अप्रैल 2018 को हुआ था। तब ‘कंसुलर चाइल्ड हेल्प लाइन मनाली’ की टीम ने इस मासूम बच्ची को नरक से रेस्क्यू कर मनाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि इन मासूम बच्चियों को जान से मारने की धमकी देकर होटलों और क्लबों में जबरन डांस और वेश्यावृत्ति करवाई जाती थी। इस घिनौने खेल के पीछे बच्ची की अपनी मां थी, जिसने आरोपी सिकंदर से 40 हजार रुपये प्रति माह बंधा हुआ लालच लेकर अपनी बेटी को सौंप दिया था। मनाली पुलिस ने मामले में मुस्तैदी से जांच करते हुए 14 अहम गवाहों को कोर्ट में पेश किया, जिनकी पुख्ता गवाही के दम पर आज अदालत ने इन समाज के दुश्मनों को उनके अंजाम तक पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *