शिमला: हिमाचल प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र को एक नई और आधुनिक दिशा देने के लिए राज्य सरकार वर्ष 2026 से 2031 तक ‘हाई वैल्यू नट मिशन’ शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी मिशन के तहत प्रदेश में अखरोट, बादाम, खुमानी और चिलगोजा जैसी उच्च मूल्य वाली समशीतोष्ण नट फसलों की खेती को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य बागवानों की आय में वृद्धि करने के साथ-साथ राज्य की बागवानी को तकनीक आधारित और बाजार से जुड़ा एक मजबूत क्षेत्र बनाना है। इस मिशन के अंतर्गत करीब 1000 हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल किया जाएगा, जिसमें से 900 हेक्टेयर पर स्थित पुराने व कम उत्पादन वाले बागों का वैज्ञानिक तकनीकों से कायाकल्प किया जाएगा, जबकि 100 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई सुविधाओं से लैस मॉडल हाई डेंसिटी बाग विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही, बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाले और रोगमुक्त पौधे उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख नट उत्पादक क्षेत्रों में चार हाईटेक नर्सरियां और दो उत्कृष्टता केंद्र (एक्सीलेंस सेंटर) स्थापित किए जाएंगे, जो अनुसंधान और किसानों के प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र बनेंगे। फसल की कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और बागवानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए प्रदेश में 10 आधुनिक संग्रह, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और प्रसंस्करण इकाइयां भी लगाई जाएंगी। इस मिशन में जनजातीय क्षेत्रों के चिलगोजा संरक्षण और स्थानीय समुदाय आधारित प्रबंधन को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया है कि यह मिशन न केवल हिमाचल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के बेहतरीन नए अवसर भी पैदा करेगा।





