Home » Uncategorized » सेब बागवानों के लिए जुलाई माह में रोग प्रबंधन को लेकर नौणी विश्वविद्यालय की एडवाइजरी जारी

सेब बागवानों के लिए जुलाई माह में रोग प्रबंधन को लेकर नौणी विश्वविद्यालय की एडवाइजरी जारी

सोलन: डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पौध रोग विज्ञान विभाग ने जुलाई माह के दौरान सेब के बागों में बढ़ रहे रोगों के प्रभावी प्रबंधन के लिए एडवाइजरी जारी की है। विश्वविद्यालय के अनुसार प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा तथा तापमान, आर्द्रता और पत्तियों पर नमी जैसी परिस्थितियां सेब में पत्ती झुलसा, पत्ती धब्बा, मार्सोनिना ब्लॉच तथा मिट्टी जनित रोगों के फैलाव के लिए अनुकूल हैं।एडवाइजरी में कहा गया है कि जिन बागों में पिछले वर्ष इन रोगों का प्रकोप रहा था, वहां बागवान बागवानी विभाग एवं विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित स्प्रे शेड्यूल का पालन करें। किसानों को नियमित रूप से बागों की निगरानी करने तथा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत उपचारात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

विश्वविद्यालय ने बागों के अंदर और आसपास उगी खरपतवार को हटाने, अल्टरनेरिया लीफ स्पॉट और मार्सोनिना लीफ ब्लॉच के नियंत्रण के लिए अनुशंसित फफूंदनाशकों का छिड़काव करने तथा सफेद जड़ सड़न (व्हाइट रूट रॉट) और कॉलर रॉट जैसी बीमारियों के प्रबंधन के लिए विशेष उपचार अपनाने की सलाह दी है। इसके अलावा सिल्वर लीफ कैंकर जैसे रोगों की रोकथाम के लिए भी समय पर छिड़काव करने को कहा गया है। विशेषज्ञों ने किसानों को चेतावनी दी है कि अनुशंसित कीटनाशकों के साथ अन्य रसायनों, सूक्ष्म पोषक तत्वों या वृद्धि नियंत्रकों को मिलाकर प्रयोग न करें, क्योंकि इससे पौधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। आवश्यकता होने पर इनका अलग-अलग प्रयोग किया जाए। विश्वविद्यालय ने बागवानों से अपील की है कि यदि बागों में किसी भी प्रकार के रोग के लक्षण दिखाई दें तो उनकी तस्वीरों सहित जानकारी विश्वविद्यालय के पौध रोग विज्ञान विभाग को भेजें, ताकि समय रहते उचित सलाह उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12