Home » Uncategorized » कसौली: साई पंचायत की पहली ग्राम सभा में बड़ा फैसला; किन्नरों की बधाई राशि तय, सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त और CCTV का प्रस्ताव पारित

कसौली: साई पंचायत की पहली ग्राम सभा में बड़ा फैसला; किन्नरों की बधाई राशि तय, सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त और CCTV का प्रस्ताव पारित

सोलन: कसौली के विकास खंड पट्टा की ग्राम पंचायत ‘साई’ में नवनिर्वाचित प्रधान सुमन लता की अध्यक्षता में पहली ग्राम सभा का सफल आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जहां एक तरफ गांव के विकास और पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान व बीपीएल लाभार्थियों के चयन जैसी योजनाओं पर चर्चा हुई, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया। ग्राम पंचायत ने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसपी महोदय को एक विशेष प्रस्ताव भेजा है, जिसमें वर्धमान चौक रोड से साई रोड तक शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है। इसी बैठक में स्थानीय लोगों की एक और बड़ी समस्या का समाधान किया गया। क्षेत्र में किन्नरों द्वारा मनमर्जी से मांगी जाने वाली भारी बधाई राशि का मुद्दा जोर-शोर से गूंजा, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ग्राम सभा ने सर्वसम्मति और ध्वनिमत से किन्नरों की बधाई राशि 1100 रुपये से लेकर अधिकतम 2100 रुपये तय करने का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया। बैठक के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वन विभाग के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों को निशुल्क पौधे बांटे गए। इस पहली ग्राम सभा में नवनिर्वाचित उप-प्रधान हरजीत सिंह, स्कूल प्रिंसिपल विवेक चौधरी, पूर्व पंचायत जनप्रतिनिधि, सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार निकाराम सहित भारी संख्या में स्थानीय महिला मंडलों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *