लाइव हिमाचल/सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के तहत आते पुलिस थाना धर्मपुर के अंतर्गत डगशाई क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सोलन पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर सुलझाकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने त्वरित और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या और आपसी आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 5 जुलाई, 2026 को पुलिस चौकी डगशाई को सूचना मिली थी कि जोहड़ पटियाला के पास कच्ची सड़क के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा है और सड़क पर भी भारी मात्रा में खून बिखरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं मृतक की पहचान 40 वर्षीय रूप लाल (मूल निवासी नेपालगंज, नेपाल; हाल निवासी जोहड़ पटियाला, सोलन) के रूप में हुई, जो अपनी पत्नी के साथ यहां मजदूरी का काम करता था। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी बलदेव के बयान के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला (FIR No. 106/2026) दर्ज किया गया। बयान के मुताबिक, रूप लाल 4 जुलाई की शाम को अपने साडू को छोड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव बरामद हुई। SFSL जूंगा की टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर तफ्तीश शुरू की। राज्य विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL), जूंगा की विशेषज्ञ टीम को विशेष रूप से साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर वहां से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के गवाहों के बयान दर्ज कर उपलब्ध तकनीकी और मोबाइल डेटा का विस्तृत विश्लेषण शुरू किया।
शंका के घेरे में आई पत्नी, खुला राज
अन्वेषण के दौरान जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बयानों का मिलान किया, तो मृतक की 26 वर्षीय पत्नी चन्द्रा चलाउने की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस द्वारा जब उससे गहनता से पूछताछ की गई, तो मामले से पर्दा उठ गया। आरोपी महिला की निशानदेही और तकनीकी कड़ियों को जोड़ते हुए इस हत्याकांड में शामिल उसके प्रेमी व सह-आरोपी चक्रा बहादूर कामी (उम्र 35 वर्ष, निवासी नेपाल; हाल निवासी बीटीएम अपार्टमेंट, कुमारहट्टी, सोलन) का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सह-आरोपी चक्रा बहादूर को भी कुमारहट्टी से धर दबोचा।
आपसी षड्यंत्र के तहत की गई थी हत्या
सोलन पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने सोची-समझी रणनीति और आपसी अवैध संबंधों के चलते रूप लाल को रास्ते से हटाने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों को आज (6 जुलाई) माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां पुलिस उनकी रिमांड की मांग करेगी ताकि हत्या के इस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को रिकवर किया जा सके और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश की जा सके।
पुलिस की मुस्तैदी की हो रही सराहना
सोलन पुलिस के लिए यह मामला शुरुआत में पूरी तरह से ‘ब्लाइंड मर्डर’ था, क्योंकि मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह या आरोपियों के बारे में कोई सीधा सुराग नहीं था। इसके बावजूद, पुलिस टीम ने पेशेवर क्षमता और आधुनिक तकनीकी विश्लेषण का परिचय देते हुए वारदात के मात्र 4 घंटे के भीतर न सिर्फ आरोपियों की पहचान स्थापित की, बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है। मामले की आगामी जांच जारी है।





