नेशनल डेस्क: डिजिटल दुनिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मनमानी करने वालों के खिलाफ भारत सरकार ने एक बार फिर कड़ा रुख अपना लिया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भारत सरकार ने लोकप्रिय क्लाउड-बेस्ड मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम को एक नया और बेहद सख्त नोटिस भेजा है, जिसमें प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर हो रही पायरेसी को लेकर जवाब तलब किया गया है। लंबे समय से टेलीग्राम का इस्तेमाल नई फिल्मों, पॉपुलर वेब सीरीज और प्रीमियम ओटीटी कंटेंट को अवैध रूप से लीक और शेयर करने के लिए किया जा रहा है। सरकार का स्पष्ट कहना है कि यह सख्त कदम भारत की तेजी से बढ़ती क्रिएटर इकोनॉमी, फिल्म उद्योग, ब्रॉडकास्टर्स, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और फिल्म प्रोड्यूसर्स व डिस्ट्रीब्यूटर्स के अधिकारों और उनकी मेहनत की रक्षा के लिए उठाया गया है। दरअसल, पायरेसी के तहत किसी भी कॉपीराइट वाले कंटेंट को उसके असली मालिक की इजाजत के बिना अवैध रूप से कॉपी, डाउनलोड, शेयर या बेचा जाता है, जो सीधे तौर पर कॉपीराइट कानून का खुला उल्लंघन है। इस गैर-कानूनी खेल की वजह से कंटेंट बनाने वाली कंपनियों, कलाकारों और निर्माताओं को हर साल करोड़ों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। यह पहली बार नहीं है जब टेलीग्राम सरकार के रडार पर आया है, इससे पहले भी इस प्लेटफॉर्म पर बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में नीट (NEET) परीक्षा के दौरान पेपर लीक और सुरक्षा कारणों के चलते सरकार ने टेलीग्राम पर एक अस्थाई बैन भी लगाया था। हालांकि, यह प्रतिबंध सिर्फ कुछ दिनों के लिए था, जिसके खिलाफ टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत से भी उसे कोई राहत नहीं मिली थी





