Home » Uncategorized » इंसानियत की मिसाल: मां शूलिनी का आशीर्वाद लेकर मासूम ज्योति के लिए दौड़े इंटरनेशनल पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह…

इंसानियत की मिसाल: मां शूलिनी का आशीर्वाद लेकर मासूम ज्योति के लिए दौड़े इंटरनेशनल पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह…

लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन से इंसानियत और एकजुटता की एक ऐसी अटूट मिसाल सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश का दिल जीत लिया है। सिरमौर की मासूम बेटी ज्योति की जिंदगी बचाने के लिए आज पूरा सोलन शहर एक सुर में खड़ा नजर आया। इस भावुक और परोपकारी मुहिम का शंखनाद किया अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह ने, जिन्होंने ऐतिहासिक मां शूलिनी मंदिर में माथा टेककर और मां का आशीर्वाद लेकर एक ऐतिहासिक चैरिटी रन की शुरुआत की। सिरमौर कल्याण मंच सोलन के विशेष सहयोग से शुरू हुई इस मुहिम में आज एक बेहद भावुक पल तब देखने को मिला, जब खुद पीड़ित बेटी ज्योति के बेबस माता-पिता भी एथलीट वीरेंद्र सिंह के साथ सोलन की सड़कों पर मदद की आस में उतरे। आपको बता दें कि मासूम ज्योति ने गलती से बैटरी का तेजाब पी लिया था, जिसके कारण उसके गले और भोजन नली में बेहद गंभीर इंफेक्शन हो गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके इलाज के लिए करीब 15 से 20 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि की जरूरत है, जिसे जुटाना इस गरीब परिवार के बस से बाहर था। इसी मजबूरी को दूर करने और ज्योति को एक नया जीवन देने के लिए अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। वे आज दिनभर सोलन के विभिन्न बाजारों और मुख्य मार्गों पर घूमे और स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों व राहगीरों से ज्योति के इलाज के लिए स्वेच्छा से सहायता राशि जुटाने की भावुक अपील की। वीरेंद्र सिंह की इस निस्वार्थ कोशिश को देखकर सोलन वासियों का दिल भी पसीज गया और लोगों ने खुले दिल से इस नेक कार्य में अपना योगदान दिया। सड़कों पर उमड़े दुआओं और दाताओं के इस अद्भुत संगम को देखकर अब यह उम्मीद और मजबूत हो गई है कि ज्योति जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगी। सिरमौर कल्याण मंच और स्थानीय जनता ने अब पूरे हिमाचल प्रदेश के वासियों से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे इंसानियत के इस बड़े फर्ज को निभाएं और अपनी सामर्थ्य अनुसार दान देकर ज्योति को एक नई जिंदगी देने में भागीदार बनें। इस मानवीय कार्य को सफल बनाने के लिए सिरमौर कल्याण मंच के पदाधिकारियों ने भी जमीन पर उतरकर पूरी ताकत झोंक दी है। मंच के प्रधान प्रदीप मंमगाई ने समाज के हर वर्ग, सामाजिक संस्थाओं और आम जनता से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर वित्तीय सहयोग करने की पुरजोर अपील की है। इस नेक और संवेदनशील कार्य के शुभारंभ के मौके पर सिरमौर कल्याण मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एस.एस. परमार, महासचिव यशपाल कपूर सहित मंच के सक्रिय सदस्य इंजीनियर विपुल कश्यप, कमल सिंह कमल, एल.आर. दहिया, उमेश कमल, मनोज पुंडीर, कमल चौहान, जयचंद शर्मा और कई अन्य गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी सदस्यों ने सोलन की जनता के बीच जाकर लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आज सोलन ने दिखा दिया है कि जब बात किसी की जान बचाने की हो, तो पूरा समाज एक परिवार बन जाता है। अब जिम्मेदारी पूरे हिमाचल की है कि इस मासूम की मुस्कान को कौशिशों और दुआओं से वापस लाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *