लाइव हिमाचल धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक बड़ी खबर धर्मशाला से आ रही है, जहाँ नगर निगम धर्मशाला को नए मेयर और डिप्टी मेयर मिल गए हैं। बुधवार को चली लंबी सियासी सरगर्मियों के बाद आख़िरकार दोनों पदों पर फैसला हो गया है। वार्ड नंबर 2 से पार्षद शमशेर नेहरिया को नगर निगम धर्मशाला का नया मेयर चुना गया है, जबकि वार्ड नंबर 8 की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया ने डिप्टी मेयर पद की कमान संभाली है। इस पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा के 11 पार्षदों के साथ-साथ निर्दलीय पार्षद नरेश भी मिनी सचिवालय में मौजूद रहे। इस सियासी घटनाक्रम को और भी दिलचस्प बनाने के लिए धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल और जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर खुद मिनी सचिवालय पहुंचे, जिससे साफ़ है कि इस नगर निगम चुनाव पर बड़े नेताओं की पैनी नज़र बनी हुई थी।





