लाइव हिमाचल/धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला जिला कारागार से सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर एक सनसनीखेज जेल ब्रेक का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे, चिट्टा तस्करी के आरोप में बंद पंजाब के तरनतारन की रहने वाली 21 वर्षीय विचाराधीन कैदी, अरविंद्र कौर, महिला ब्लॉक की ऊंची दीवार फांदकर जेल से फरार हो गई। जेल परिसर से भागने के बाद शातिर युवती सीधे कचहरी पहुंची और वहां से पठानकोट जाने के लिए एक प्राइवेट कैब बुक कर रफूचक्कर हो गई। जैसे ही कैदी के भागने की खबर जेल प्रशासन को लगी, महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर जगह-जगह नाकेबंदी कर दी गई और युवती के हुलिए के आधार पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। आखिरकार, जेल प्रशासन और जिला पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई। फरारी के ठीक दो घंटे बाद, सुबह सवा 11 बजे नूरपुर पुलिस ने नाके के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी युवती को धर दबोचा। जिला कारागार धर्मशाला के अधीक्षक विकास भटनागर ने पुष्टि की है कि फरार युवती को दोबारा हिरासत में लेकर धर्मशाला लाया जा रहा है। हालांकि, महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर बड़ी कामयाबी हासिल की है, लेकिन इस घटना ने जेल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आपको बता दें कि इस कारागार में कुल 550 कैदी बंद हैं, जिनमें से 350 कैदी अकेले एनडीपीएस (NDPS) यानी नशा तस्करी के मामलों के तहत सजा काट रहे हैं, ऐसे में इतनी संवेदनशील जेल से दिनदहाड़े एक महिला कैदी का भाग निकलना सुरक्षा में एक बड़ी चूक की ओर इशारा करता है।





