Home » Uncategorized » मंडी में रिश्तों का कत्ल: सुंदरनगर में कलयुगी बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर मां को उतारा मौत के घाट, बीच-बचाव करने आए पिता भी लहूलुहान

मंडी में रिश्तों का कत्ल: सुंदरनगर में कलयुगी बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर मां को उतारा मौत के घाट, बीच-बचाव करने आए पिता भी लहूलुहान

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल से एक बेहद ही खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां जयदेवी क्षेत्र के गहरी गांव में एक घरेलू विवाद खूनी खेल में बदल गया। शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मानवता और रिश्तों की सारी हदें पार करते हुए डंडे से हमला कर अपनी सगे मां की निर्मम हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पिता को भी लहुलूहान कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह खौफनाक मंजर रविवार रात करीब 10 बजे गहरी गांव में देखने को मिला। यहाँ रहने वाले 61 वर्षीय फागनु राम और उनके 40 वर्षीय बेटे खेमा राम के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी बेटे खेमा राम ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे डंडे से अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब 55 वर्षीय बेबस मां पार्वती देवी अपने पति को बचाने के लिए बीच में आईं, तो बेरहम बेटे ने उन पर भी डंडे से जोरदार वार कर दिया। सिर पर लगी यह गंभीर चोट इतनी घातक थी कि मां पार्वती देवी ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि पिता इस खूनी हमले में लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खौफनाक वारदात की सूचना रात करीब 11 बजे बीएसएल (BSL) थाना पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। घायल पिता फागनु राम को तत्काल लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल सुंदरनगर भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका पार्वती देवी शिमला में एक सरकारी कर्मचारी थीं और उनका पूरा परिवार मुख्य रूप से शिमला में ही रहता था, लेकिन इन दिनों वे मक्की की बिजाई करने के लिए अपने पैतृक गांव गहरी आए हुए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे खेमा राम को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है, वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने खुद घटना की पुष्टि की है और बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वासन दिया है कि पुलिस हर एक पहलू को ध्यान में रखकर इस जघन्य अपराध की गहन जांच कर रही है और आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे सुंदरनगर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर कोई कलयुगी बेटे की इस हैवानियत पर थू-थू कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *