Home » Uncategorized » जनता के जनादेश से भागती रही कांग्रेस, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर करवाने पड़े चुनाव : डॉ. राजीव बिंदल

जनता के जनादेश से भागती रही कांग्रेस, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर करवाने पड़े चुनाव : डॉ. राजीव बिंदल

लाइव हिमाचल/नाहन: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर नहीं कराए गए और सरकार ने जनता के जनादेश से बचने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके परिणामों ने कांग्रेस की कमजोर स्थिति उजागर कर दी। डॉ. बिंदल ने दावा किया कि जिला परिषद चुनावों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में भाजपा मजबूत स्थिति में है और जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों, बढ़ते टैक्स, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था की स्थिति तथा विकास कार्यों में कमी के खिलाफ मतदान किया है। उन्होंने सिरमौर जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला परिषद की 17 में से 14 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के कांग्रेस सरकार से असंतोष को दर्शाती है। बिंदल ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, डॉक्टरों और दवाइयों की कमी तथा विकास कार्यों में सुस्ती का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे अधिकांश विकास कार्य केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से हो रहे हैं। साथ ही कांग्रेस सरकार के भीतर अस्थिरता और आपसी मतभेद होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने भाजपा के प्रति अपना विश्वास जताया है, जो आने वाले विधानसभा चुनावों में भी दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *