शिमला : हिमाचल प्रदेश में अब आपात स्थिति में एंबुलेंस ट्रैफिक जाम में नहीं फंसेंगी। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए हिमाचल पुलिस ने एक बेहद सराहनीय और विशेष व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस के बाइक राइडर्स गंभीर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को ट्रैफिक जाम से सुरक्षित और तेजी से निकालने में मदद करेंगे। पुलिस ने आम जनता से भी भावुक अपील की है कि एंबुलेंस का सायरन सुनते ही उसे तुरंत रास्ता दें, क्योंकि कुछ मिनटों की देरी भी किसी मरीज की जान पर भारी पड़ सकती है। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और गंभीर डिलीवरी के मामलों में अस्पताल पहुंचने का हर एक मिनट कीमती होता है। ऐसे में एंबुलेंस को जाम से बचाने के लिए अब ‘पुलिस एस्कॉर्ट सुविधा’ दी जाएगी। इसके लिए एंबुलेंस चालक, 108 सेवा या अस्पताल का इमरजेंसी विभाग सीधे पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दे सकता है। कंट्रोल रूम मरीज की गंभीरता की पुष्टि करते ही तुरंत संबंधित क्षेत्र की ट्रैफिक यूनिट या नजदीकी पुलिस राइडर को अलर्ट करेगा, जो मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर की तरह रास्ता साफ करवाकर अस्पताल पहुंचाएंगे। हिमाचल पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि एंबुलेंस को रास्ता देना सिर्फ एक नैतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सख्त कानूनी दायित्व भी है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के नियमों के अनुसार सभी वाहन चालकों को आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देना अनिवार्य है। याद रखें, साल 2019 के संशोधित मोटर वाहन कानून के तहत आपातकालीन वाहनों को रास्ता न देना एक गंभीर अपराध है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194-ई (Section 194-E) के तहत ऐसा करने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। इतना ही नहीं, यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर बाधा डालता है या खतरनाक ड्राइविंग करता है, तो उसके खिलाफ धारा 184 के तहत कार्रवाई होगी और गंभीर मामलों में 6 महीने तक की जेल भी हो सकती है।





