लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में नशा माफिया के खिलाफ परवाणू पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिनांक 8 जून 2026 को पुलिस थाना परवाणू की एक टीम जब नेशनल हाईवे-05 पर नियमित गश्त पर थी, तब सेब मंडी के समीप एक सुनसान जगह पर खड़ी संदिग्ध गाड़ी पर पुलिस की नजर पड़ी। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें बैठे दो युवकों के कब्जे से 7.24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय आयुष (निवासी कुमारसेन, शिमला) और 24 वर्षीय ऋतिक (निवासी रामपुर, शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना परवाणू में एनडीपीएस (ND&PS) अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अगले दिन, 9 जून को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को उनका 4 दिन का रिमांड मिला है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और इस नशे की खेप के मुख्य सप्लायर का पता लगाने के लिए इनसे गहन पूछताछ कर रही है।





