बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घुमारवीं बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार सुबह फिल्मी अंदाज में ठगी की इस वारदात को अंजाम दिया गया। यहाँ बिना नंबर प्लेट की एक फोर्ड गाड़ी में सवार पांच शातिर बदमाश करीब 5 हजार रुपये का डीजल भरवाकर, पेमेंट का झूठा झांसा देकर रफूचक्कर हो गए। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। पेट्रोल पंप कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि एक फोर्ड गाड़ी पंप पर आकर रुकी, जिसके शीशे पूरी तरह काले थे। चालक ने टंकी फुल करने को कहा। डीजल भरते समय कर्मचारियों को गाड़ी में बैठे लोगों की हरकतें संदिग्ध लगीं। जब ध्यान से देखा गया, तो गाड़ी के आगे और पीछे कहीं भी नंबर प्लेट नहीं थी। कर्मचारियों ने तुरंत अपने बाकी साथियों को अलर्ट किया, लेकिन इसी बीच एक दूसरी गाड़ी भी तेल भरवाने आ गई, जिससे कर्मचारियों का ध्यान थोड़ा भटक गया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर शातिरों ने अपना खेल खेल दिया। डीजल भरने के बाद चालक ने भुगतान के लिए क्यूआर कोड स्कैन किया। उसने मोबाइल पर स्कैनिंग की पूरी एक्टिंग की और गाड़ी के स्पीकर से ‘पेमेंट सक्सेसफुल’ होने जैसी आवाज भी सुनाई दी। पंप कर्मचारी जब तक अपने खाते में पैसे आने की पुष्टि करते, तब तक चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और वहां से तेजी से फरार हो गया।
धोखाधड़ी का अहसास होते ही कर्मचारी राजेश कुमार ने बाइक से उस गाड़ी का पीछा भी किया। दकड़ी चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी तुरंत मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने आसपास के सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर नाकेबंदी की, लेकिन शातिर अपराधी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर भागने में कामयाब रहे और देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक ठगी ने इलाके के व्यापारियों और पेट्रोल पंप संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को तुरंत सूचना देने के बाद भी आरोपियों का न पकड़ा जाना, सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।





