Home » Uncategorized » अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल: तीसरी संध्या में हिमाचली संस्कृति का रंग, चौथी शाम गुरनाम भुल्लर मचाएंगे धमाल

अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल: तीसरी संध्या में हिमाचली संस्कृति का रंग, चौथी शाम गुरनाम भुल्लर मचाएंगे धमाल

शिमला: अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोक संस्कृति और संगीत के शानदार रंगों से सराबोर रही। ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्टार नाइट कलाकार और नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने जैसे ही मंच संभाला, पूरा मैदान तालियों और नाटी की गूंज से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय गीतों—विशेषकर ‘टेंशन नहीं लेने का’, ‘कुल्लू मनाली लगा मेला’, ‘ठंडे पाणी रा नाला’ और ‘शिल्पा शिमला वालिये’—पर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हजारों दर्शक देर रात तक झूमने पर मजबूर हो गए। इस उत्सव का रंग ऐसा जमा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विधायक हरीश जनारथा ने भी उपायुक्त अनुपम कश्यप की मौजूदगी में मंच पर कलाकारों के साथ जमकर नाटी डाली। पहाड़ी संगीत के साथ-साथ धर्मशाला ग्रुप के पारंपरिक नृत्य, तिब्बती संस्थान के कलाकारों की सांस्कृतिक झलक और पटियाला से आए पंजाबी गायक बॉबी सिद्धू की प्रस्तुतियों ने इस शाम को यादगार बना दिया। लेकिन रोमांच यहीं खत्म नहीं होता; आज यानी वीरवार को ग्रीष्मोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में धमाल मचाने आ रहे हैं मशहूर पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर, जहां उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। आज शाम 4:00 बजे से ही मुख्य मंच पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू हो जाएंगी, वहीं शाम 6:00 बजे से पर्यटकों के लिए विशेष फ्लावर शो, स्टेच्यू मैन और विभिन्न राज्यों के कलाकारों द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों का जादू बिखेरा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]