शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। आज दोपहर बाद बलसन क्षेत्र के शिरगुली गांव में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने तीन मकानों को पूरी तरह जलकर राख कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत दोपहर करीब ढाई बजे लायक राम बकसेठ के घर से हुई, जिसने कुछ ही पलों में आसपास के दो और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। लकड़ी से बने इन पारंपरिक मकानों और उन पर हुए रंग-रोगन के कारण आग इतनी तेजी से भड़की कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में ३० से अधिक कमरे जलकर खाक हो चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। आग लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए अपने स्तर पर और पावर स्प्रेयर से पानी डालकर आग बुझाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन आग की भीषण तीव्रता के आगे ग्रामीणों के सारे प्रयास नाकाफी साबित हुए। गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण दमकल विभाग के वाहन मौके तक नहीं पहुंच सके, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। कुछ देर में स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच जाएगा। इसके बाद नुकसान का आंकलन हो पाएगा।





