Home » ताजा खबरें » एक्सीडेंट ने खोला नशे की तस्करी का राज: पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से जब्त किया मादक पदार्थ, दो आरोपी हिरासत में…

एक्सीडेंट ने खोला नशे की तस्करी का राज: पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से जब्त किया मादक पदार्थ, दो आरोपी हिरासत में…

मंडी: मंडी जिले के बल्ह थाने के तहत एक सड़क हादसे ने ‘सफेद जहर’ के एक ऐसे काले खेल का पर्दाफाश कर दिया, जिसकी उम्मीद खुद आरोपियों ने भी नहीं की थी। अमूमन सड़क हादसों के बाद लोग मदद के लिए दौड़ते हैं, लेकिन बीती शाम हुए इस एक्सीडेंट के बाद जब लोग गाड़ी के पास पहुंचे, तो नजारा कुछ और ही था। गाड़ी चला रहे युवक और उसके साथ बैठी युवती के अजीब हाव-भाव देखकर ग्रामीणों का माथा ठनका। उन्हें शक हुआ कि दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है। ग्रामीणों ने बिना देर किए मुस्तैदी दिखाई और इसकी सूचना तुरंत बल्ह थाना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने कानून के मुताबिक उस गाड़ी की चप्पा-चप्पा तलाशी लेनी शुरू की, तो अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। गाड़ी के खुफिया कोनों से 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 3.81 ग्राम अफीम और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से ही नशे के इन दो सौदागरों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बल्ह के रहने वाले गाड़ी चालक यशपाल और धर्मपुर की रहने वाली शबनम के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि नशे का यह नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *